
बिलासपुर। नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही बिलासपुर शहर गरबा के रंग में रंगने को तैयार है। छत्तीसगढ़ी संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और भक्ति के रंगों से सजा सीजी रास गरबा इस बार और भी भव्य स्वरूप में आयोजित होने जा रहा है। 11 और 12 अक्टूबर को अशोक नगर रोड, बिरकोना बायपास स्थित राज कंस्ट्रक्शन के सामने आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
लगातार चौथे वर्ष आयोजित हो रहे सीजी रास गरबा को इस बार करीब चार एकड़ के विशाल परिसर में आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक परिसर में लगभग 20 हजार लोगों की क्षमता है और इसी के अनुरूप प्रवेश पास जारी किए जाएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश तथा मेडिकल सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
पहले दिन अंकिता सोन, दूसरे दिन पूजा गौर रहेंगी खास आकर्षण
सीजी रास गरबा में इस बार मनोरंजन के साथ सेलिब्रिटी आकर्षण भी देखने को मिलेगा। आयोजकों के अनुसार 11 अक्टूबर को मिस फेमिना इंडिया छत्तीसगढ़ अंकिता सोन विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं 12 अक्टूबर को चर्चित टीवी अभिनेत्री पूजा गौर आयोजन में शिरकत करेंगी। पूजा गौर को लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ से विशेष पहचान मिली है।
दोनों दिनों विशेष अतिथियों की मौजूदगी गरबा आयोजन में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
गरबा के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश
आयोजक राहुल साहू ने प्रेसवार्ता में बताया कि सीजी रास गरबा का उद्देश्य केवल मनोरंजन या गरबा आयोजन तक सीमित नहीं है। आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, पारंपरिक वेशभूषा और स्थानीय पहचान को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों ने शहरवासियों से विशेष रूप से छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में शामिल होने की अपील की है। आयोजन में लाइव बैंड के साथ गरबा होगा और भक्ति एवं गरबा गीतों को प्राथमिकता दी जाएगी। आयोजकों के अनुसार अश्लील अथवा अभद्र गीतों को आयोजन में स्थान नहीं दिया जाएगा।
20 हजार की क्षमता, पांच गेट और 150 वॉलंटियर्स की तैनाती
बड़ी संख्या में लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की गई है। परिसर में पांच प्रवेश गेट बनाए गए हैं। इसके अलावा करीब 150 वॉलंटियर्स अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ तैनात रहेंगे।
महिलाओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी।
पार्किंग की अलग व्यवस्था, यातायात पर भी रहेगा फोकस
पिछले वर्षों में सामने आई पार्किंग संबंधी दिक्कतों को देखते हुए इस बार विशेष तैयारी की गई है। आयोजकों के अनुसार कार और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, ताकि आयोजन के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित न हो और लोगों को वाहनों की पार्किंग में परेशानी का सामना न करना पड़े।
ग्रुप, फैमिली और कपल पास की सुविधा
सीजी रास गरबा के लिए ग्रुप, फैमिली और कपल पास उपलब्ध कराए जाएंगे। पास ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लिए जा सकेंगे। आयोजकों के अनुसार पास बुक कराने वाले लोगों को व्हाट्सऐप समेत अन्य माध्यमों से कन्फर्मेशन की जानकारी दी जाएगी।
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि परिसर की निर्धारित क्षमता को ध्यान में रखते हुए ही पास जारी किए जाएंगे, ताकि आयोजन के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके।
परिवार के साथ गरबा का आनंद लेने की अपील
प्रेसवार्ता में आयोजक राहुल साहू के साथ अभिलाष पांडे और स्नेहा थवाइत भी मौजूद रहे। आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार सहित सीजी रास गरबा में शामिल होने की अपील की है।
दो दिनों तक होने वाले इस आयोजन में गरबा, भक्ति, संगीत और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। ऐसे में नवरात्रि के दौरान बिलासपुरवासियों के लिए सीजी रास गरबा शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होने जा रहा है।
