
बिलासपुर। समाजसेवा के लिए हमेशा बड़े संसाधनों या बड़े कार्यों की आवश्यकता नहीं होती। यदि व्यक्ति अपनी क्षमता और सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद के जीवन में छोटा सा सकारात्मक बदलाव भी लाता है, तो उसका योगदान समाज के लिए महत्वपूर्ण बन जाता है। रामसेतु निर्माण में गिलहरी के योगदान का उदाहरण देते हुए यह बात लायंस क्लब बिलासपुर के अध्यक्ष हरदीप सिंह सलूजा ने कही।
सलूजा गुरुवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के परंपरागत कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में बतौर अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के साथ अपने जीवन, बचपन, पारिवारिक पृष्ठभूमि, व्यवसाय और समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से जुड़े अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब की ओर से अतिथि का पुष्पगुच्छ, सफेद वस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों और लायंस क्लब के सदस्यों के बीच समाजसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद भी हुआ।
तीन महीने में 29 सेवा गतिविधियां
हरदीप सलूजा ने बताया कि लायंस क्लब बिलासपुर की स्थापना 20 दिसंबर 1964 को हुई थी। छह दशक से अधिक समय से संस्था स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे क्षेत्रों में लगातार सेवा गतिविधियां संचालित कर रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान सत्र में अब तक 29 सेवा गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। इनमें स्वास्थ्य जांच शिविर, चिकित्सकों एवं सीए का सम्मान, पौधरोपण, जनजागरूकता अभियान और जरूरतमंदों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने जैसे कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा का उद्देश्य केवल सामग्री बांटना नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। किसी व्यक्ति के चेहरे पर सहायता मिलने के बाद दिखाई देने वाली संतुष्टि ही सेवा कार्यों की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
सेवा सप्ताह में जरूरतमंदों तक पहुंची मदद
सलूजा ने बताया कि 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित सेवा सप्ताह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सेवा गतिविधियां की गईं। जिला अस्पताल में मरीजों और जरूरतमंदों को फल वितरित किए गए। मातृछाया में राशन एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इसके अलावा आंगनबाड़ी के बच्चों को भोजन, मूक-बधिर बच्चों को टिफिन एवं पानी की बोतल, ज्येष्ठ नागरिक संघ को खेल सामग्री तथा जरूरतमंद बस्तियों में राशन का वितरण किया गया। वृद्धाश्रम में भी कपड़े उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को गनियारी अस्पताल में तीन मेडिकल बेड, व्हीलचेयर, राशन, फल और कपड़े उपलब्ध कराए गए।
श्मशान घाट के बीच स्कूल देखकर चिंतित हुए सलूजा
समाजसेवा के दौरान सामने आए अनुभवों को साझा करते हुए हरदीप सलूजा ने बताया कि एक गांव में उन्होंने श्मशान घाट के बीच स्कूल संचालित होते देखा। छोटे बच्चों के सामने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया और सुरक्षा से जुड़ी परिस्थितियों को देखकर वे प्रभावित हुए।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण होना जरूरी है। इसके लिए स्कूल में बाउंड्रीवाल की आवश्यकता को संबंधित स्तर पर रखने की बात उन्होंने कही।
मूक-बधिर बच्चों और मातृछाया में सेवा के दौरान मिले अनुभवों को भी उन्होंने भावुक कर देने वाला बताया। उनका कहना था कि जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उनकी परिस्थितियों को समझना और अपनी क्षमता के अनुसार सहायता करना ही वास्तविक सेवा है।
2008 में बिलासपुर आए, होटल व्यवसाय से की शुरुआत
अपने व्यक्तिगत जीवन के बारे में जानकारी देते हुए सलूजा ने बताया कि उनका जन्म मुंगेली के आगे स्थित ग्राम कुंडा में हुआ। उनका परिवार व्यवसाय के साथ पत्रकारिता और सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़ा रहा है। उनके चाचा लंबे समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 में वे बिलासपुर आए और होटल व्यवसाय शुरू किया। व्यवसाय में व्यस्तता के बावजूद वे समाजसेवा के लिए समय निकालने का प्रयास करते हैं।
सलूजा ने ग्राम कुंडा में अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद सीएमडी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की। वर्ष 1995 में उनका विवाह हुआ और उनके दो बच्चे हैं। उन्होंने अपनी जीवनशैली के बारे में बताते हुए कहा कि उन्हें सादा भोजन पसंद है और वे शाकाहारी हैं।
स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण पर रहेगा विशेष फोकस
लायंस क्लब की आगामी योजनाओं पर चर्चा करते हुए सलूजा ने कहा कि आने वाले समय में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और मानवसेवा के क्षेत्र में गतिविधियों को और व्यापक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजसेवा को लगातार आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। हर व्यक्ति यदि अपनी क्षमता के अनुसार समाज के लिए योगदान करे तो छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।
सलूजा ने सेवा कार्यों को समाज तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रेस क्लब के पत्रकारों एवं लायंस क्लब के सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजयकांति तिवारी, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। वहीं लायंस क्लब बिलासपुर की ओर से अध्यक्ष हरदीप सलूजा, सचिव मनीष चंदेल, कोषाध्यक्ष सीए रौनक अग्रवाल, संचालक श्रीकांत सहारे, डॉ. अरुण शुक्ला, मोहन होनप, डॉ. राजेश दुबे, सागरी जी सहित बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
