
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के राजकिशोर नगर में ज्वेलर्स कारोबारी पर जानलेवा हमला और करोड़ों की लूट मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। उत्तरप्रदेश पुलिस ने मिर्जापुर जिले के हरौरा थाना क्षेत्र के जंगल में मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोना भी बरामद किया गया है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक सिपाही के घायल होने की भी खबर है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम
सूत्रों के अनुसार बीते मंगलवार रात राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर बदमाशों ने ज्वेलर्स कारोबारी को रोककर जानलेवा हमला किया और ज्वेलरी से भरी कार लूटकर फरार हो गए। आरोपी अपनी कार और बाइक घटनास्थल पर छोड़कर कारोबारी की कार से भाग निकले थे।
बाद में लूटेरे कारोबारी की कार को उरतुम के पास छोड़कर दूसरे साधनों से उत्तरप्रदेश की ओर भाग गए।
यूपी पुलिस को मिली सूचना, जंगल में घेराबंदी
उत्तरप्रदेश पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मिर्जापुर के हरौरा थाना क्षेत्र के जंगल में कुछ संदिग्ध लोग छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चारों आरोपियों को धर दबोचा। मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी घायल हो गया।
बिहार भागने की फिराक में थे आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी जंगल के रास्ते बिहार भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस को भनक लगते ही उनकी घेराबंदी कर ली गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में लूटा गया सोना बरामद किया गया है।
आगे की कार्रवाई
यूपी पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। बिलासपुर पुलिस की टीम भी जल्द उत्तरप्रदेश पहुंच सकती है ताकि आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लाया जा सके।
इस कार्रवाई से बिलासपुर पुलिस को बड़ी राहत मिली है और व्यापारियों में भी संतोष का माहौल है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
