
बिलासपुर। एसबी आर कॉलेज मैदान में आयोजित यादव प्रीमियर लीग (YPL) सीजन-1 का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और उत्साह से भरपूर रहा। पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, वहीं सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए नरसिंह-11 और बोल बम टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम दिखाया। मैच के हर पल में रोमांच बना रहा, लेकिन अंततः नरसिंह-11 ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया और प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बोल बम टीम को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
हालांकि, पूरे टूर्नामेंट में बोल बम टीम का प्रदर्शन भी काफी प्रभावशाली रहा। टीम ने सर्वाधिक रन बनाकर अपनी मजबूत बल्लेबाजी का परिचय दिया और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इस आयोजन का एक खास आकर्षण यादव समाज की महिलाओं के लिए आयोजित शो मैच रहा। महिला खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ मैदान में उतरकर दर्शकों का दिल जीत लिया। इस पहल ने समाज में खेल के प्रति बढ़ती जागरूकता और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाया।
आयोजकों ने बताया कि यादव प्रीमियर लीग का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना, समाज में एकता को मजबूत करना और खेल भावना को बढ़ावा देना है। सीजन-1 की सफलता के बाद अब अगले सीजन को और भव्य बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
