
बिलासपुर। शहर के सरकंडा क्षेत्र में हुई अब तक की सबसे बड़ी सराफा लूट की वारदात ने पूरे व्यापारी समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर ज्वेलर संतोष तिवारी पर हुए जानलेवा हमले और सोना-चांदी से भरी कार लूट की घटना के बाद सराफा कारोबारियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी तत्काल सक्रिय हुए। उन्होंने रेंज आईजी श्री रामगोपाल गर्ग से फोन पर विस्तृत चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की और जल्द कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि आईजी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कमल सोनी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहे और पुलिस जांच की प्रगति पर नजर बनाए रखी। वहीं आईजी रामगोपाल गर्ग भी घायल व्यापारी संतोष तिवारी के स्वास्थ्य की लगातार जानकारी लेते रहे।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना बिलासपुर के इतिहास की सबसे बड़ी लूट की वारदात है। उन्होंने कहा,
“हमें हमेशा की तरह बिलासपुर पुलिस पर पूरा विश्वास है। जिस तरह पूर्व में भी पुलिस ने गंभीर मामलों का खुलासा किया है, उसी तरह इस मामले में भी जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा। दोषियों को सज़ा दिलाकर ही हम दम लेंगे।”
उन्होंने प्रशासन से शहर में व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग की। उनका कहना है कि सराफा व्यवसाय से जुड़े लोगों में इस घटना के बाद असुरक्षा की भावना बढ़ी है, जिसे दूर करने के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है।
कमल सोनी ने घायल संतोष तिवारी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि सराफा एसोसिएशन अपने साथी व्यापारी के साथ मजबूती से खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
घटना के बाद शहर के अन्य व्यापारिक संगठनों ने भी एकजुटता दिखाते हुए प्रशासन से त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें गठित की गई हैं।
शहर में इस सनसनीखेज वारदात को लेकर चर्चा का माहौल गरम है और सभी की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई परटिकी हुई हैं।
