
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र स्थित नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड पर मंगलवार तड़के आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। सुबह करीब फैक्ट्री खुलने के समय आयकर विभाग की टीम अचानक परिसर में पहुंची और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी। कार्रवाई की खबर फैलते ही औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड कोका-कोला कंपनी के विभिन्न कोल्ड ड्रिंक उत्पादों का निर्माण करती है और क्षेत्र की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में गिनी जाती है। आयकर विभाग की लगभग 6 सदस्यीय टीम फैक्ट्री परिसर में मौजूद है। टीम कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड, टैक्स रिटर्न, बैंक लेन-देन, स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही कंपनी के कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक कंपनी के मालिक प्रदीप अग्रवाल बताए जा रहे हैं, जबकि बिलासपुर यूनिट का संचालन नवनीत अग्रवाल के पास है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं है। आयकर विभाग ने एक साथ कई राज्यों में कंपनी से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी है। रायपुर डिपो के अलावा मध्यप्रदेश के जबलपुर और महाराष्ट्र के नागपुर में भी टीम ने छापेमारी की है। कंपनी का मुख्यालय दिल्ली में बताया जा रहा है, जहां से भी जांच से जुड़े इनपुट एकत्र किए जा रहे हैं।
हालांकि आयकर विभाग की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह छापेमारी टैक्स से संबंधित संभावित अनियमितताओं और वित्तीय लेन-देन में गड़बड़ी की जांच के तहत की जा रही है।
फिलहाल आयकर विभाग की टीम की जांच जारी है। दस्तावेजों की पड़ताल और डिजिटल रिकॉर्ड की स्कैनिंग के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। औद्योगिक क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और सभी की नजरें अब आयकर विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
