
भुवनेश्वर/बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सुप्रसिद्ध बाल कलाकार एवं ‘छत्तीसगढ़ रत्न’ से सम्मानित तनिष्क वर्मा ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध लिंगराज मंदिर, भुवनेश्वर (उड़ीसा) में आयोजित भव्य भजन संध्या में अपनी शानदार प्रस्तुति देकर लाखों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
देशभर से पहुंचे श्रद्धालु तनिष्क की मधुर और भावपूर्ण भजन प्रस्तुति पर झूमते नजर आए। मात्र 10–11 वर्ष की आयु में ही तनिष्क राष्ट्रीय मंचों पर अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। इससे पूर्व वे प्रयागराज महाकुंभ में भी प्रस्तुति देकर सुर्खियां बटोर चुके हैं।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर उड़ीसा के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री मोहन मांझी ने तनिष्क वर्मा को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
लिंगराज मंदिर के सचिव श्री सनत मिश्रा ने तनिष्क के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव और बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने भी बधाई देते हुए तनिष्क की प्रतिभा की सराहना की।
तनिष्क की इस उपलब्धि से बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।
