
बिलासपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जहां एक ओर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, वहीं दूसरी ओर लक्की चंदन सेवा समिति द्वारा सेवा और मानवता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया गया। समिति ने महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें युवाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
दोपहर 2 बजे तक शिविर में 90 यूनिट रक्त संग्रह किया जा चुका था, जबकि आयोजकों ने लगभग 200 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया है। समिति के सदस्यों ने बताया कि रक्तदान महादान है और महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर इससे बड़ा पुण्य कार्य कोई नहीं हो सकता। शिविर में बड़ी संख्या में युवा उत्साहपूर्वक रक्तदान के लिए पहुंचे।
सड़क सुरक्षा का संदेश, रक्तदाताओं को हेलमेट वितरण
रक्तदान शिविर के साथ-साथ समिति द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता का भी संदेश दिया गया। रक्तदान करने वाले युवाओं को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि जीवन बचाने के साथ-साथ अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है।
जरूरतमंदों को निःशुल्क उपलब्ध होगा रक्त
समिति ने स्पष्ट किया कि एकत्रित किया गया रक्त जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को राहत मिल सके। इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
विशाल भंडारा और भव्य जगराता का आयोजन
रक्तदान शिविर के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं शाम 8 बजे से सुप्रसिद्ध गायिका अलका चंद्राकर द्वारा भव्य जगराता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें भक्ति गीतों की प्रस्तुति से वातावरण शिवमय होगा।
सेवा समिति के प्रमुख आयोजक
इस पूरे आयोजन में लक्की चंदन सेवा समिति के विकाश केशरवानी, विशाल केशरवानी, आशीष साहू, जे.पी. अग्रवाल, सनी सिंह एवं समस्त समिति सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह सेवा, भक्ति और सामाजिक जागरूकता का संगम लोगों के लिए प्रेरणादायक बना हुआ है।
