
बिलासपुर | 16 फरवरी 2026 | संतोष मिश्रा
बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत मन्नडोल इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने पैसों के विवाद में अपने ही 70 वर्षीय पिता की फावड़े से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी नीतू ध्रुव (लगभग 40 वर्ष) ने अपने पिता मनरखान ध्रुव से पैसों की मांग की थी। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है और अक्सर पैसों को लेकर घर में विवाद करता था। रविवार देर रात भी इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई। जब पिता ने पैसे देने से इनकार किया तो गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखे फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल मनरखान ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और नशे की लत इस हत्या की मुख्य वजह के रूप में सामने आई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले भी नशे की हालत में घर में विवाद करता था। इस जघन्य वारदात के बाद मोहल्ले में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।
फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
