More

    *सेवा से संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई विकसित भारत की तस्वीर*

     

    बिलासपुर। सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग, बिलासपुर द्वारा मल्टीपरपज आत्मानंद स्कूल, दयालबंद में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने चित्रकला और भाषण के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना, राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, युवा शक्ति और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर अपने विचार और रचनात्मकता प्रस्तुत की।

     

    कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री अमर अग्रवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेवा से संकल्प अभियान विकसित भारत की उस परिकल्पना को साकार करने का संकल्प है, जो देश की आजादी के 100वें वर्ष 2047 में अपने पूर्ण स्वरूप में सामने आएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इसी लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है और हम सभी इस राष्ट्र निर्माण यात्रा के सहयात्री हैं।

    उन्होंने कहा कि विकसित भारत की पहली आवश्यकता देश की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में किए गए परमाणु परीक्षणों ने भारत की सामरिक शक्ति को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज ज्ञान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए भारत अपनी सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत कर रहा है।

     

    *आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते कदम*

     

    श्री अग्रवाल ने कहा कि वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और पीएम गति शक्ति मिशन जैसी पहलें देश के आर्थिक विकास को नई दिशा दे रही हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं से स्वरोजगार और छोटे उद्यमों को बढ़ावा मिला है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने आम परिवारों के जीवन में सुविधाओं का विस्तार किया है।

     

    उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत के विकास के साथ शहरों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की दिशा में भी काम हो रहा है। आज का युवा केवल नौकरी पाने की सोच नहीं रखता, बल्कि नौकरी देने वाला बनने की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। बेटा-बेटी एक समान की भावना सामाजिक समानता को मजबूत कर रही है। खेलों में भी भारतीय बच्चे और युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

     

    *2047 के भारत की तस्वीर बच्चों के हाथों में*

     

    विद्यार्थियों की चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में प्रस्तुत विचारों की सराहना करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि बच्चों की रचनात्मकता और उनके विचारों को सुनकर यह विश्वास मजबूत होता है कि 2047 के विकसित भारत की तस्वीर इन्हीं बच्चों और युवाओं के हाथों साकार होगी।

     

    उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जनभागीदारी की संस्कृति से जोड़ा है। वहीं भारत की प्राचीन योग परंपरा को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाना भारतीय ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

     

    श्री अग्रवाल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा विद्यार्थियों के लिए ऐसे रचनात्मक, ज्ञानवर्धक और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की सराहना की।

     

    उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प है और इसकी सबसे मजबूत नींव देश के बच्चे और युवा हैं।

     

     

    इस मौके पर पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे,विधायक सुशांत शुक्ला,पूजा विधानी, जिला अध्यक्ष दीपक सिंह जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे, शिक्षा विभाग के अधिकारी गण,प्राचार्य एवं शिक्षकगण एवं स्कूली बच्चे मौजूद थे।

     

     

    Related Articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Stay Connected

    161FansLike
    0SubscribersSubscribe

    Latest Articles