
बिलासपुर। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल सरकंडा में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय गौरव और देशप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अविनाश सेठी, कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं SECL में कार्यरत, तथा विशिष्ट अतिथि अजय यादव, स्पोर्ट्स ऑफिसर डीपी विप्र कॉलेज एवं फुटबॉल फेडरेशन के सचिव उपस्थित रहे। वहीं सेंट जेवियर चेन ऑफ स्कूल के CEO ए. सामंत राय की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के चारों सदनों के विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। चारों सदनों के अध्यक्षों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को शानदार मार्च पास्ट के माध्यम से सलामी दी। विद्यार्थियों की कदमताल, अनुशासन और जोश ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के उत्साह से भर दिया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, संगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं मांटेसरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से अतिथियों एवं उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विद्यालय के समाचार पत्र का विमोचन किया गया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
विद्यालय में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्या सुश्री शाइस्ता बेगम ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि अविनाश सेठी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने देश के प्रति कर्तव्यों को समझना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि अजय यादव ने भी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और जीवन में दृढ़ संकल्प, अनुशासन तथा निरंतर मेहनत के महत्व को रेखांकित किया।
CEO ए. सामंत राय ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका इफ्तीशाम ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, CEO ए. सामंत राय, अभिभावकों, शिक्षकों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
देशभक्ति से सराबोर प्रस्तुतियों, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव की भावना के बीच स्वतंत्रता दिवस समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने के साथ उन्हें देश के जिम्मेदार एवं संस्कारवान नागरिक बनने का संकल्प भी दिलाया।
