
भरनी, 15 अगस्त 2026। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, भरनी में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के सेवानिवृत्त कमांडेंट श्री अमन बक्सेला रहे। इस अवसर पर शाला प्रबंधन से डॉ. जी.एस. पटनायक, डायरेक्टर श्रीमती लेखा श्री, संस्था सचिव श्रीमती ए.पी. सुप्रिया एवं दिव्या श्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शाला के प्रिंसिपल/सीईओ बी.बी. मेहता, उप प्राचार्य दिनेश विष्ट, प्रधान अध्यापिका नैंसी पारेख, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अमन बक्सेला ने तिरंगे को सलामी दी। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं शाला परिवार द्वारा शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद शाला के कलाम हाउस, न्यूटन हाउस, आइंस्टीन हाउस एवं गैलीलियो हाउस के विद्यार्थियों ने कदमताल करते हुए तिरंगे को सलामी दी।
मुख्य अतिथि श्री अमन बक्सेला ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत एवं समर्पण के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
शाला प्रबंधन की ओर से डॉ. जी.एस. पटनायक ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने, मेहनत करने एवं अच्छे परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। डायरेक्टर श्रीमती लेखा श्री एवं संस्था सचिव श्रीमती ए.पी. सुप्रिया ने भी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों एवं मनमोहक नृत्य की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। शाला की हेड गर्ल अनन्या शुक्ला ने पूरे जोश एवं उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति दी तथा स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए शाला के गौरव एवं सम्मान की भावना व्यक्त की।
शाला के प्रिंसिपल/सीईओ बी.बी. मेहता ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उप प्राचार्य दिनेश विष्ट ने अतिथियों, शाला प्रबंधन, अभिभावकों, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने में शाला के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
………………….
विज्ञापन…

