
संतोष मिश्रा.. Cgatoznews…
बिलासपुर।… स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर का व्यापारिक जगत देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए बड़े स्तर पर आयोजन करने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर घर तिरंगा” अभियान से प्रेरित होकर शहर के व्यापारी 14 और 15 अगस्त को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय पर्व में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के सक्रिय सदस्य कमल सोनी के नेतृत्व में 14 अगस्त को शहर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में सराफा एसोसिएशन, चेंबर ऑफ कॉमर्स, सदर बाजार, गोल बाजार सहित शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों से जुड़े व्यापारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होंगे।
कलेक्टर और एसएसपी दिखाएंगे हरी झंडी
विशाल तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। यात्रा सदर बाजार और गोल बाजार के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस दौरान व्यापारी तिरंगे के साथ देशभक्ति का संदेश देते हुए आम लोगों को भी राष्ट्रीय पर्व के प्रति जागरूक करेंगे।
कमल सोनी ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागी बनें और राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करें।
तोखन साहू की तिरंगा यात्रा में भी शामिल होंगे व्यापारी
14 अगस्त को ही शाम 3 बजे गांधी चौक से केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें भी बिलासपुर के व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
तिरंगा यात्रा के सदर बाजार पहुंचने पर व्यापारियों द्वारा यात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया जाएगा। व्यापारिक संगठनों ने इस आयोजन को राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया है।
15 अगस्त को सदर बाजार में होगा ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के दिन 15 अगस्त को सुबह 10:30 बजे सदर बाजार में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि IPS एवं CSP गगन कुमार होंगे।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन, बिलासपुर सराफा एसोसिएशन एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहेंगे।
प्रदेशभर के व्यापारियों से कमल सोनी की अपील
कमल सोनी ने कहा कि “हर घर तिरंगा” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना का प्रतीक है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के सभी व्यापारिक संगठनों और व्यापारियों से अपील की कि वे अपने-अपने शहरों और व्यापारिक क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकालें, प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि जब व्यापारी वर्ग और आम नागरिक एक साथ तिरंगा लेकर आगे बढ़ेंगे, तो इससे नई पीढ़ी में भी राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी।
14 अगस्त को तिरंगा यात्रा और 15 अगस्त को ध्वजारोहण के इन आयोजनों के जरिए बिलासपुर का व्यापारिक समुदाय स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, गौरव और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की तैयारी में है।

