
बिलासपुर। कांग्रेस संगठन ने बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए युवा कांग्रेस बिल्हा विधानसभा अध्यक्ष एवं सक्रिय युवा नेता सुनील साहू को जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण (ओबीसी विभाग) का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं समर्थकों में जबरदस्त उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।
कांग्रेस संगठन में लंबे समय से सक्रिय सुनील साहू ने छात्र राजनीति से लेकर युवा कांग्रेस तक लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने युवाओं, किसानों, मजदूरों एवं पिछड़ा वर्ग से जुड़े मुद्दों को समय-समय पर प्रमुखता से उठाया है। जमीनी स्तर पर सक्रियता, संघर्षशील कार्यशैली और आमजन से सीधे जुड़ाव के कारण उन्होंने संगठन में अपनी अलग पहचान बनाई है।
राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहने वाले सुनील साहू की पत्नी भी नगर पालिका बोदरी से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुकी हैं। परिवार की राजनीतिक सक्रियता और क्षेत्र में मजबूत जनसंपर्क को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र में साहू समाज को प्रभावशाली मतदाता वर्ग माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा समाज के युवा और कर्मठ चेहरे को बड़ी जिम्मेदारी देना राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस नियुक्ति से कांग्रेस को ग्रामीण क्षेत्रों में संगठनात्मक मजबूती मिलने के साथ ही युवाओं और ओबीसी वर्ग के बीच पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुनील साहू ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करना और युवाओं, किसानों, मजदूरों एवं पिछड़ा वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाना रहेगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि सुनील साहू के नेतृत्व में बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले समय में कांग्रेस और अधिक मजबूती के साथ उभरकर सामने आएगी।
