
बिलासपुर।
शहर के अग्रसेन चौक स्थित नामी ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूम पी.सी. ज्वैलर्स एक बार फिर विवादों में घिर गया है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने शोरूम पर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी करने और पुराने आभूषणों की वापसी (बायबैक) के दौरान उचित बाजार मूल्य न देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर पुलिस अधीक्षक को औपचारिक शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, खरसिया निवासी पारस पटेल ने 11 जून 2018 को पी.सी. ज्वैलर्स, अग्रसेन चौक से एक हीरा जड़ित सोने की अंगूठी खरीदी थी।
वजन: 5.620 ग्राम (14 कैरेट सोना)
हीरा: 0.46 सेंट
खरीद मूल्य: ₹85,799
पीड़ित का आरोप है कि हाल ही में जब वह उसी अंगूठी को बेचने शोरूम पहुंचा, तो उसे वर्तमान बाजार दर के अनुसार कीमत देने के बजाय खरीद मूल्य से भी कम राशि की पेशकश की गई। जबकि पिछले आठ वर्षों में सोने के दामों में भारी वृद्धि हो चुकी है।
सराफा एसोसिएशन का दावा है कि मेकिंग चार्जेस घटाने के बाद भी अंगूठी की वर्तमान कीमत करीब ₹1,17,299 बनती है, लेकिन शोरूम प्रबंधन इसे स्वीकार करने से इंकार कर रहा है।
बिलिंग में पारदर्शिता पर सवाल
एसोसिएशन ने शोरूम की बिलिंग प्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि ग्राहक को दिए गए बिल में सोने का रेट, हीरे का मूल्य और मेकिंग चार्जेस का अलग-अलग विवरण नहीं दिया गया, बल्कि केवल कुल वजन और कुल कीमत दर्शाई गई। इसे ग्राहकों को भ्रमित करने और वास्तविक मूल्य छिपाने की रणनीति बताया गया है।
कमल सोनी का बयान
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि,
“ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूम ग्राहकों के भरोसे का फायदा उठाकर लूट का व्यापार चला रहे हैं। यह सीधा उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है। हमने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है और जरूरत पड़ने पर इसे राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि इस मामले की शिकायत बीआईएस (BIS), उपभोक्ता फोरम और अन्य संबंधित संस्थाओं में भी की जाएगी।
आंदोलन की चेतावनी
सराफा एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे छत्तीसगढ़ में जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे।
फिलहाल, इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
