
बिलासपुर। नगर पालिक निगम बिलासपुर की सामान्य सभा सोमवार को हंगामे की भेंट चढ़ गई। सभा स्थल लखीराम ऑडिटोरियम में विपक्षी पार्षदों के शोर-शराबे और नारेबाजी के कारण कार्यवाही बार-बार बाधित होती रही। वहीं बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा चक्का जाम कर प्रदर्शन किया गया, जिससे आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच भाजपा पार्षद जय वाधवानी ने संयमित और जिम्मेदार रुख अपनाते हुए कहा कि सामान्य सभा जनहित के मुद्दों पर चर्चा और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का मंच है, न कि राजनीतिक प्रदर्शन का स्थल। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से बैठक को बाधित कर शहर के विकास कार्यों को रोकने की कोशिश की गई।
जय वाधवानी ने स्पष्ट किया कि भाजपा पार्षद शहर के समग्र विकास, पारदर्शिता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सार्थक और सकारात्मक चर्चा ही शहर को आगे बढ़ा सकती है, न कि हंगामा और अवरोध।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे विकास के मुद्दों पर जागरूक रहें और राजनीतिक प्रदर्शन के बजाय रचनात्मक संवाद को प्राथमिकता दें।
