
बिलासपुर।
साइंस कॉलेज मैदान, सरकंडा में आयोजित बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि बीएनआई केवल एक व्यापारिक संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाला प्रेरणादायी मंच है। 25 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बीएनआई ने इस मेले के माध्यम से व्यापार, रोजगार, सेवा और संस्कार का अद्भुत संगम शहर को प्रदान किया है।
29 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चल रहे इस मेले में शहरवासियों और व्यापारिक समुदाय की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुव्यवस्थित आयोजन, आकर्षक साज-सज्जा और उद्देश्यपूर्ण कार्यक्रमों के चलते यह मेला लगातार प्रशंसा का केंद्र बना हुआ है।
शनिवार को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि बिलासपुर संभागीय आयुक्त सुनील जैन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एडीएन वाजपेयी, पं. सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सी.के. सरस्वत, सीवी रमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अरविंद तिवारी, सीएमडी कॉलेज अध्यक्ष संजय दुबे एवं पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत अध्यक्ष विनोद मेघानी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने बीएनआई के इस आयोजन को अनुकरणीय बताया।
बीएनआई ने दिया व्यापार को सामाजिक दिशा
मेले में रियल एस्टेट, एजुकेशन, हेल्थ, लाइफस्टाइल, स्टार्टअप्स, एमएसएमई और स्वदेशी उत्पादों के सैकड़ों स्टॉल लगाए गए हैं। साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, रोजगार मेला, रक्तदान, नेत्रदान एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े स्टॉल यह दर्शाते हैं कि बीएनआई लाभ के साथ-साथ मानव कल्याण को भी प्राथमिकता देता है।
आदर्श दंपतियों का सम्मान—संस्कारों का संदेश
बीएनआई की पहल पर 50 वर्ष पूर्ण कर चुके आदर्श दंपतियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसने समाज में पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों को मजबूती देने का संदेश दिया। मंच से सम्मानित दंपतियों के वैवाहिक जीवन और सामाजिक योगदान की अतिथियों ने विशेष सराहना की।
बच्चों और युवाओं को मंच, परिवारों को मनोरंजन
मेले में बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए रैंप वॉक, इंटर स्कूल डांस प्रतियोगिता, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस और एचीवमेंट अवार्ड सेरेमनी जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। वहीं 10 से अधिक प्रकार के झूले, फूड ज़ोन और मनोरंजन गतिविधियाँ पूरे परिवार के लिए आकर्षण बनी हुई हैं।
अतिथियों ने की बीएनआई की खुलकर तारीफ
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा—
“बीएनआई ने यह सिद्ध किया है कि व्यापार केवल धन कमाने का नहीं, बल्कि सरोकार कमाने का माध्यम भी है। यह मेला समतामूलक समाज का सजीव उदाहरण है।”
संभागीय आयुक्त सुनील जैन ने कहा—
“25 वर्षों से निरंतर इस स्तर का आयोजन करना अपने आप में उपलब्धि है। बीएनआई का यह प्रयास सामाजिक और आर्थिक विकास का मजबूत आधार है।”
बीएनआई—व्यापार से आगे समाज निर्माण की सोच
बीएनआई बिलासपुर द्वारा आयोजित यह व्यापार एवं उद्योग मेला न केवल व्यापारियों और उद्यमियों के लिए अवसर लेकर आया है, बल्कि सामाजिक सरोकार, मानवीय मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूती दे रहा है। शहरवासियों और उद्योग जगत ने एक स्वर में बीएनआई के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए इसे बिलासपुर की पहचान करार दिया है।
