
बिलासपुर।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चकरभाठा पुलिस एवं ACCU टीम की संयुक्त कार्रवाई में हेरोइन की तस्करी में लिप्त तीन नशा सौदागरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जो जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्ती को दर्शाता है।
जानकारी के अनुसार थाना चकरभाठा पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ हेरोइन लेकर नशेड़ियों को बेचने के उद्देश्य से क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिर्री माइंस और तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी करन दीप सिंह दूसरे राज्य से हेरोइन लाकर मोहित हिंदूजा को सप्लाई करता था और अपने साथी आर. रजिंदर के साथ मिलकर तीनों आरोपी इसे ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
नशे के विरुद्ध बिलासपुर पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। हाल के दिनों में पुलिस की सक्रियता के चलते हेरोइन, गांजा और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में संलिप्त कई आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचे हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बिलासपुर जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि जिलेभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 7 कार्रवाई की गई है, जिनमें 1300 नशीली टैबलेट, 400 एमएल एविल इंजेक्शन और 2 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। यह कार्रवाई बिलासपुर पुलिस की सतर्कता, प्रतिबद्धता और नशामुक्त समाज की दिशा में मजबूत प्रयासों को दर्शाती है।
