
बिलासपुर शहर के शुभम विहार कॉलोनी में मंगलवार को प्रेम प्रसंग ने खूनी मोड़ ले लिया। एक प्रेमिका ने शक और गुस्से में आकर अपने ही प्रेमी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए, वहीं पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कांता प्रसाद (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम करा, थाना रतनपुर का निवासी था। उसके पिता का नाम दूज राम बताया गया है। कांता प्रसाद बिलासपुर के हरी चटनी रेस्टोरेंट में कार्यरत था और शुभम विहार कॉलोनी में हरी चटनी के मालिक ने अपने वर्कर के लिए हॉस्टल के रूप में मकान किराए पर लिया था जहां पर हरी चटनी के सभी कर्मी रह रहे थे
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह उसकी प्रेमिका रोशनी सूर्यवंशी, निवासी सीपत, उससे मिलने शुभम विहार कॉलोनी पहुंची थी। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच किसी और लड़की से प्रेम संबंध को लेकर विवाद हो गया। युवती ने युवक पर आरोप लगाया कि वह किसी अन्य से प्यार करता है और उसे मोबाइल पर ब्लॉक कर रखा है।
देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। गुस्से में आकर युवती ने अचानक चाकू निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथापाई के दौरान चाकू सीधे युवक के सीने में जा लगा। गंभीर चोट के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और कांता प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, विवाद के कारण और हत्या की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है। इस जघन्य वारदात के बाद शुभम विहार कॉलोनी में दहशत का माहौल है, वहीं लोग यह सोचने पर मजबूर हैं कि प्यार कैसे इतनी बड़ी त्रासदी में बदल गया, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है
