
बिलासपुर।
बिलासपुर जिले में युवाओं और नाबालिगों के भविष्य के साथ खुलेआम खिलवाड़ किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। स्वयं सिद्धा फाउंडेशन के अध्यक्ष चंचल सलूजा, आश्रयनिष्ठा वेलफेयर सोसाइटी की फाउंडर अरुणिमा मिश्रा, यूथ नेशनल की अध्यक्ष प्रतिज्ञा सिंह, आर्यन तिवारी, मुकेश सलूजा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा किए गए सामाजिक निरीक्षण और जनसंपर्क के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य उजागर हुआ कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में नशे से जुड़ी सामग्री खुलेआम बेची जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि Rolling Paper, GoGo Smoking Cone, Perfect Roll जैसे उत्पाद चाय ठेलों, पान दुकानों, किराना स्टोर्स, कैफे एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी रोक-टोक के उपलब्ध हैं। इन सामग्रियों का उपयोग गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन में किया जा रहा है, जिससे नाबालिगों और युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है।
सामाजिक संगठनों ने बताया कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण युवाओं में अपराध, हिंसा, मानसिक तनाव और सामाजिक असंतुलन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इसका सीधा असर न केवल युवाओं के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, बल्कि जिले की कानून व्यवस्था और सामाजिक शांति भी प्रभावित हो रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बिलासपुर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि नशे में प्रयुक्त होने वाली इन सामग्रियों की बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही संबंधित दुकानदारों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई, नियमित जांच अभियान एवं नाबालिगों को नशे से बचाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई।
सामाजिक संगठनों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इसका दुष्परिणाम आने वाली पीढ़ी को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि जिले के युवाओं के हित में शीघ्र और कठोर कार्रवाई कर बिलासपुर को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।
