
बिलासपुर, 27 जनवरी 2026।
सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल, व्यापार विहार, बिलासपुर ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव भी है। इसी सोच को साकार करते हुए विद्यालय में कक्षा पहली से चौथी तक के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक खेल महोत्सव 2026 का आयोजन अत्यंत उत्साह, अनुशासन और उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक मशाल प्रज्वलन एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसने पूरे परिसर को खेल भावना और जोश से भर दिया। छोटे बच्चों की ऊर्जा, आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण ने अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रामपुरी गोस्वामी, महासचिव, ताइक्वांडो एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ उपस्थित रहे। उनके साथ विद्यालय के प्राचार्य जे. एस. हुंडल, उप-प्राचार्या रंजना बहादुर एवं प्रधानाध्यापिका ए. ललिता की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कक्षा पहली एवं दूसरी के विद्यार्थियों ने बॉल बैलेंसिंग, 50 मीटर दौड़ और पीछे दौड़ जैसी रोचक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, वहीं कक्षा तीसरी एवं चौथी के बच्चों ने नींबू-चम्मच दौड़, 100 मीटर दौड़ और स्किपिंग दौड़ में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना साफ झलकती रही।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल जैसे संस्थान बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास पर समान रूप से ध्यान देकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की खेल भावना और शिक्षकों के मार्गदर्शन की प्रशंसा की।
विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है, जिससे विद्यार्थी आत्मनिर्भर, अनुशासित और स्वस्थ नागरिक बन सकें। प्रधानाध्यापिका ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में एकता, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम का समापन ऋचा दुआ द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। अंत में ध्वज अवरोहण कर अगले वर्ष और अधिक उत्साह के साथ पुनः मिलने का संकल्प लेते हुए वार्षिक खेल महोत्सव 2026 का सफलतापूर्वक समापन किया गया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल जैसे संस्थान बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास पर समान रूप से ध्यान देकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की खेल भावना और शिक्षकों के मार्गदर्शन की प्रशंसा की।