
बिलासपुर। शहर में लगातार हो रही कॉपर वायर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सिविल लाइन एवं थाना तारबहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कॉपर वायर चोरी करने वाले आरोपी एवं चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 173 फीट कॉपर वायर, जिसकी अनुमानित कीमत 1,00,700 रुपये है, बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा क्षेत्र में हो रही कॉपर वायर चोरी की घटनाओं को लेकर विशेष टीम गठित कर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मंगला चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के पास लगे एसी से कॉपर वायर चोरी कर ली गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें राहुल गंधर्व एवं एक आपचारी बालक संदिग्ध रूप से दिखाई दिए।
पुलिस द्वारा दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने मुथूट फाइनेंस लिमिटेड, व्यापार विहार के ऑफिस पार्किंग एवं मंगला चौक स्थित एक डिजिटल मार्केटिंग ऑफिस में लगे एसी से कॉपर वायर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का माल तारबहार क्षेत्र के कबाड़ी कमलकांत दत्ता उर्फ डोकरा को बेचना तथा थाना तारबहार क्षेत्र में की गई चोरी का माल तालापारा निवासी कबाड़ी मोहम्मद याकुब को बेचना स्वीकार किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चोर राहुल गंधर्व पिता कांशीराम गंधर्व उम्र 22 वर्ष निवासी मन्नू चौक टिकरापारा, एक आपचारी बालक, एवं चोरी का माल खरीदने वाले दोनों कबाड़ियों
कमलकांत दत्ता उर्फ डोकरा तथा मोहम्मद याकुब को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 173 फीट कॉपर वायर जप्त किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन एस. आर. साहू, उप निरीक्षक चन्द्रकांत डहरिया, प्रधान आरक्षक विकास सेंगर, आरक्षक आशीष राठौर एवं वीरेंद्र राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई से कॉपर वायर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है
