भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर बिलासपुर में ऐतिहासिक जनजाति गौरव दिवस का आयोजन — पारंपरिक रैली, सांस्कृतिक झलकियों और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होगा भव्य समारोह

बिलासपुर। भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर जनजाति समाज बिलासपुर द्वारा जनजाति गौरव दिवस का भव्य आयोजन 15 नवंबर 2025 को किया जा रहा है। इस अवसर पर पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद विशाल रैली का आयोजन होगा, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुलिस स्टेडियम तक पहुंचेगी।

रैली की शुरुआत प्रातः 9:00 बजे जरहाभाठा छात्रावास परिसर से पारंपरिक ढंग से पूजा-अर्चना कर की जाएगी। यह रैली मंदिर चौक, नेहरू चौक, देवकीनंदन चौक, गोल बाजार, सदर बाजार, तेलीपारा, पुराना बस स्टैंड, अग्रेसन चौक, सत्यम चौक, रघुराज स्टेडियम होते हुए पुलिस स्टेडियम बिलासपुर पहुंचेगी, जहाँ इसका समापन एक विशाल सभा के रूप में होगा।

रैली में बस्तर की सांस्कृतिक दलों द्वारा लोककला और संस्कृति का अनुपम प्रदर्शन किया जाएगा, साथ ही करमा, सुवा और डंडा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियाँ भी होंगी। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह, तिलका मांझी और रानी दुर्गावती जैसे जननायकों की झांकियाँ भी प्रदर्शित की जाएंगी।
सभा स्थल पर 16 सांस्कृतिक दलों द्वारा छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को सम्मानित किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, वहीं केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, डिप्टी सीएम अरुण साव, जिले के सभी विधायक और समाज प्रमुख विशिष्ट अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों और समाज प्रमुखों का सम्मान भी किया जाएगा।
