More

    *बिलासपुर में अब हर ऑटो की होगी डिजिटल पहचान, यात्रियों को QR कोड से मिलेगी चालक और वाहन की पूरी जानकारी*

    बिलासपुर.. संतोष मिश्रा.. Cgatoznews..

    बिलासपुर। यात्रियों की सुरक्षा और ऑटो परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं भरोसेमंद बनाने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर जल्द ही शहर के सभी ऑटो में क्यूआर कोड लगाने की नई व्यवस्था शुरू करने जा रही है। इसके लिए ऑटो चालकों का रजिस्ट्रेशन प्रारंभ किया जाएगा।

    क्यूआर कोड को स्कैन करते ही यात्रियों को संबंधित ऑटो चालक, ऑटो स्वामी और वाहन से जुड़ी आवश्यक जानकारी तत्काल डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही ऑटो चालकों एवं यात्रियों के बीच विवाद, भ्रम या किसी आपात स्थिति में वाहन और चालक की पहचान करना पुलिस के लिए आसान होगा।

    पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में बिलासपुर में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में पेट्रोल, डीजल एवं ई-रिक्शा सहित सभी प्रकार के ऑटो को क्यूआर कोड आधारित डिजिटल पहचान से जोड़ने की योजना तैयार की गई है।

    पुलिस के पास सुरक्षित रहेगा ऑटो और चालक का रिकॉर्ड

    इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक ऑटो एवं ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद वाहन पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। इसे स्कैन करने पर संबंधित ऑटो चालक, वाहन मालिक और किराए पर वाहन संचालित करने वाले व्यक्ति से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। वहीं, रजिस्ट्रेशन के माध्यम से सभी ऑटो और चालकों का रिकॉर्ड पुलिस के पास भी डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा।

    विवाद और आपात स्थिति में मिलेगी तत्काल मदद

    यात्रियों और ऑटो चालकों के बीच किसी प्रकार का विवाद, टकराव या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर क्यूआर कोड के माध्यम से वाहन एवं चालक की पहचान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे यात्रियों की शंकाओं का समाधान करने और जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी।

    यातायात पुलिस के अनुसार बिलासपुर शहर लगातार विस्तार कर रहा है और ऑटो चालक शहर के अलावा दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों तक भी यात्रियों को पहुंचाते हैं। ऐसे में लंबी दूरी की यात्रा के दौरान किसी घटना, विवाद या आपात स्थिति में वाहन और चालक की पहचान बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

    महिला ऑटो चालकों के लिए भी उपयोगी होगी व्यवस्था

    बिलासपुर में बड़ी संख्या में महिला ऑटो चालक भी सेवाएं दे रही हैं। उन्हें दिन-रात यात्रियों को अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाना पड़ता है। ऐसे में क्यूआर कोड आधारित पहचान व्यवस्था महिला ऑटो चालकों के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा को भी मजबूत करने में सहायक होगी। विषम परिस्थितियों में पुलिस तक सूचना पहुंचाने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।

    ऑटो चालकों से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील

    यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से जल्द से जल्द अनिवार्य रूप से अपने ऑटो का रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है। बिना रजिस्ट्रेशन संचालित होने वाले वाहनों पर भी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य क्यूआर कोड व्यवस्था के माध्यम से ऑटो परिवहन से जुड़े वाहन, चालक और स्वामी की डिजिटल पहचान सुनिश्चित कर यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं विश्वासपूर्ण यातायात व्यवस्था तैयार करना है।

    Related Articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Stay Connected

    161FansLike
    0SubscribersSubscribe

    Latest Articles