
बिलासपुर, 19 अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने बिलासा ताल में आज 24.38 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए वुडन ब्रिज का लोकार्पण किया। बिलासा ताल के प्राकृतिक एवं मनोरम वातावरण के बीच निर्मित यह ब्रिज पर्यटकों और शहरवासियों के लिए नया आकर्षण बनेगा। इसके निर्माण से बिलासा ताल की खूबसूरती में एक और नया आयाम जुड़ा है। लोकार्पण कार्यक्रम में बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज पिंगुआ, पीसीसीएफ श्री अरूण पाण्डेय, सीसीएफ श्री मनोज पांडे, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, वन मंडलाधिकारी श्री नीरज सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे, श्री मोहित जायसवाल सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
वुडन ब्रिज को बिलासा ताल के प्राकृतिक परिवेश और पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया गया है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को परिसर में घूमने और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। ब्रिज के निर्माण से बिलासा ताल में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही क्षेत्र का आकर्षण भी बढ़ेगा।
