
बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय कार्यक्रम “हमर पहुना” में शनिवार को शहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष, पुलिस सेवा के अनुभव, समाज के प्रति जिम्मेदारियों और बदलते दौर में पुलिसिंग की चुनौतियों पर खुलकर संवाद किया। उनके प्रेरक विचारों ने उपस्थित पत्रकारों, युवाओं और नागरिकों को गहराई से प्रभावित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा द्वारा एसएसपी रजनेश सिंह का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने से हुई। कार्यक्रम के समापन पर उन्हें शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा कि “हमर पहुना” केवल एक संवाद कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के अनुभवों को आमजन तक पहुंचाने का सशक्त मंच है।
अपने संबोधन में एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि हर बड़ी सफलता के पीछे कठिन संघर्ष, अनुशासन और निरंतर मेहनत होती है। उन्होंने बताया कि बचपन के सपनों को साकार करने की यात्रा आसान नहीं थी, लेकिन दृढ़ संकल्प, ईमानदारी और सकारात्मक सोच ने उन्हें भारतीय पुलिस सेवा तक पहुंचाया। उन्होंने युवाओं से कहा कि लक्ष्य बड़ा रखें, मेहनत से कभी पीछे न हटें और जीवन में अनुशासन को सबसे बड़ी ताकत बनाएं।
एसएसपी ने बिलासपुर पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, सामुदायिक पुलिसिंग और स्मार्ट पुलिसिंग के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में तकनीक के साथ अपराध का स्वरूप भी बदल रहा है, इसलिए पुलिस और समाज दोनों को मिलकर जागरूक रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, साइबर ठगी से सतर्क रहें, नशे के खिलाफ अभियान में भागीदारी निभाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उनका कहना था कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास ही सुरक्षित समाज की सबसे मजबूत नींव है।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने भी एसएसपी से विभिन्न समसामयिक विषयों पर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने बेबाकी और विस्तार से उत्तर दिया। पूरा कार्यक्रम आत्मीय संवाद, प्रेरक अनुभवों और सकारात्मक संदेशों से भरपूर रहा।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरि किशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
