
बिलासपुर, 05 जून 2026।
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखते हुए 7 करोड़ 1 लाख 34 हजार रुपये की लागत से विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। नगर निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक-07 अंतर्गत आने वाले वार्डों में सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, वेंडिंग जोन, ओपन जिम, मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की गई।
अशोक नगर स्थित दयानंद सेवा धाम भवन में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला शामिल हुए। कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, एमआईसी सदस्य, पार्षद, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा विधानसभा के प्रत्येक वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र के अधोसंरचनात्मक विकास को नई गति मिली है और जनता की वर्षों पुरानी मांगों को लगातार पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का माध्यम हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों लोगों को बेहतर सड़क, जल निकासी, सामुदायिक सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण का लाभ मिलेगा।
इन कार्यों को मिली मंजूरी
भूमिपूजन के तहत वार्ड क्रमांक 48 से 58 तक सीसी रोड निर्माण, आरसीसी नाली निर्माण, मंच एवं सामुदायिक भवन निर्माण, वेंडिंग जोन, गार्डन विकास, ओपन जिम, मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण, तालाब विकास, बाउंड्रीवाल, पेवर ब्लॉक एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों के लिए विधायक सुशांत शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से बेलतरा विधानसभा के विकास को नई दिशा मिलेगी
“बेलतरा विधानसभा का कोई भी वार्ड विकास से अछूता नहीं रहेगा। जनता के विश्वास और सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों की यह श्रृंखला लगातार जारी रहेगी।”
