More

    *लखीराम अग्रवाल स्मृति टी-20 के समापन में पहुंचे CM साय: ‘काका जी के आशीर्वाद से बना मुख्यमंत्री’, बिलासपुर में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का ऐलान*

    बिलासपुर। रघुराज स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल स्मृति अखिल भारतीय टी-20 ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के भव्य समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और भाजपा के पितृ पुरुष स्व. लखीराम अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

    मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि वर्ष 1990 में स्व. लखीराम अग्रवाल के आशीर्वाद से उन्होंने तपकरा विधानसभा से पहला चुनाव जीता था और आज उसी आशीर्वाद की बदौलत वे प्रदेश के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि उस समय 15 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी और आगे चलकर विधायक, सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर भी मिला।

    उन्होंने स्व. अग्रवाल के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे एक दृढ़ निश्चयी नेता थे, जिन्होंने मध्यप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के सामने भी कभी समझौता नहीं किया। व्यापारी होने के बावजूद उन्होंने पूरी निष्ठा से भाजपा संगठन को मजबूत करने में अपना जीवन समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके मार्गदर्शन का लाभ पार्टी को वर्षों तक मिलता रहा।

    मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस आयोजन में देश के आठ राज्यों से खिलाड़ी शामिल हुए हैं, जो बिलासपुर के खेल प्रेम को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार आकर्षक पुरस्कार भी दे रही है—ओलंपिक प्रतिभागियों को 21 लाख रुपये, स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़ और रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

    समारोह के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि स्व. लखीराम अग्रवाल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि “काका जी” का राजनीतिक जीवन संघर्ष और समर्पण से भरा हुआ था, जिसे हर कार्यकर्ता को पढ़ना और समझना चाहिए। उन्होंने बताया कि आपातकाल के दौरान 19 महीने जेल में रहने के बावजूद उनका धैर्य और सेवा भाव कम नहीं हुआ।

    कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल ने बिलासपुर के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगला में 12 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है और करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बिलासपुर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर और मजबूती से उभरेगा।

    समापन मैच छत्तीसगढ़ और खड़कपुर के बीच खेला गया, जिसे देखने के लिए रघुराज स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। इस दौरान शानदार आतिशबाजी भी की गई, जिससे माहौल उत्सवमय हो गया।

    कार्यक्रम में धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, कलेक्टर, कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन समिति और शहर के वरिष्ठ क्रिकेटरों ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया।

    Related Articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Stay Connected

    161FansLike
    0SubscribersSubscribe

    Latest Articles