
बिलासपुर। जिले की सिविल लाइन थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। वर्ष 2022 के NDPS मामले में फरार चल रहे अंतर्राज्यीय सप्लायर को पुलिस ने मध्यप्रदेश के कटनी से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और छत्तीसगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में नशीले कफ सिरप की सप्लाई कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2022 को सिविल लाइन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मेन्द्र गेंदले के कब्जे से 120 नग प्रतिबंधित नशीला कफ सिरप (KOP FREE) बरामद किया था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।
पूछताछ के दौरान धर्मेन्द्र गेंदले ने खुलासा किया था कि वह उक्त नशीला कफ सिरप मध्यप्रदेश के कटनी निवासी दिलीप भाउ से खरीदकर बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में खपाता था। इस खुलासे के बाद से ही पुलिस मुख्य सप्लायर दिलीप भाउ की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
लगातार प्रयासों और पतासाजी के बाद आखिरकार 16 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने कटनी (म.प्र.) में दबिश देकर आरोपी दिलीप कुमार वीरवानी उर्फ दिलीप भाउ (उम्र 55 वर्ष), निवासी कैरिन लाइन थाना माधवनगर, जिला कटनी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर नशीले कफ सिरप की सप्लाई करता था और उसका नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
