
बिलासपुर।
राजकिशोर नगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई बड़ी लूट और सीपत की घटना के बाद बिलासपुर पुलिस ने जिस तेजी और रणनीति के साथ कार्रवाई की, उसने प्रदेशभर में एक मिसाल कायम की है। आईजी रामगोपाल गर्ग और एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में चलाए गए “ऑपरेशन गोल्ड” के तहत अंतरराज्यीय गिरोह को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया और लूटा गया सामान सुरक्षित बरामद किया गया।
इसी सफलता के बाद बिलासा गुड़ी स्थित चेतना हॉल में सराफा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस और सराफा कारोबारियों के बीच सुरक्षा को लेकर समन्वय और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक से पूर्व सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एडिशनल एसपी पंकज पटेल सहित “ऑपरेशन गोल्ड” की 11 सदस्यीय स्पेशल टीम का शॉल और मोमेंटो देकर सम्मान किया गया। व्यापारियों ने पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई की खुलकर प्रशंसा की।
पुलिस–व्यापारी समन्वय की सराहना
कमल सोनी ने कहा कि जिले की सबसे बड़ी लूट की घटना को 24 घंटे के भीतर सुलझाकर बिलासपुर पुलिस ने इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि आईजी और एसपी के कुशल नेतृत्व, सटीक रणनीति और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग को भी सराहा।
“आम जनता भी पुलिस का हिस्सा” – आईजी
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई थी। एडिशनल एसपी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह सहित पूरी टीम ने लगातार प्रयास कर गिरोह तक पहुंच बनाई। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों और व्यापारियों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
एसएसपी ने दिए सख्त सुरक्षा निर्देश
एसएसपी रजनेश सिंह ने सराफा कारोबारियों को उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा गार्ड रखने, सोने-चांदी के अनावश्यक आवागमन से बचने और दुकानों में सुरक्षित स्टोरेज की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और व्यापारी मिलकर शहर को अपराधमुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने आश्वस्त किया कि एसएसपी द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा। अप्रैल माह में सदस्यता नवीनीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रहेगा।
“ऑपरेशन गोल्ड” में शामिल स्पेशल 11 टीम, जो मिर्जापुर तक गई थी, ने आईजी और एसपी के नेतृत्व में साहस और समर्पण का परिचय दिया। इस अभियान ने यह साबित कर दिया कि बिलासपुर पुलिस सजग, सक्षम और अपराधियों के लिए सख्त संदेश है।
