More

    *राजकिशोर नगर लूटकांड के बाद सख्त हुई पुलिस, एसएसपी रजनेश सिंह ने सराफा व्यापारियों को दिए सुरक्षा के विशेष निर्देश*

    बिलासपुर।

    राजकिशोर नगर में हाल ही में सराफा व्यापारी के साथ हुई सनसनीखेज लूट की घटना के बाद जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने सराफा व्यापारियों के लिए विस्तृत सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। खासकर शहर से दूर और बाहरी क्षेत्रों में संचालित दुकानों को अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने की सख्त हिदायत दी गई है।

    एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिन व्यापारियों की दुकानें सुनसान या कम आवाजाही वाले इलाकों में हैं, वे सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। दुकान के अंदर और बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि वे नियमित रूप से कार्य कर रहे हों। कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में मदद मिल सके।

    उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सोने-चांदी के आभूषणों का प्रतिदिन बड़ी मात्रा में आवागमन जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में व्यापारी सुरक्षित लॉकर व्यवस्था या अन्य संरक्षित विकल्पों का उपयोग करें। एसएसपी ने कहा कि अधिकांश आपराधिक घटनाएं शहर के बाहरी हिस्सों में अंधेरे और सुनसान सड़कों का फायदा उठाकर की जाती हैं, इसलिए दुकान के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी जरूरी है।

    एसएसपी ने व्यापारियों से अपील की कि वे दुकान के बाहर की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या दुकान की रेकी करता नजर आए तो तत्काल इसकी सूचना नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। पुलिस विभाग द्वारा नियमित गश्त भी बढ़ाई जा रही है, ताकि बाहरी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके।

    वहीं, सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का स्वागत करते हुए सभी व्यापारियों से इनका पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सराफा व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और पुलिस विभाग द्वारा दिए गए सुझाव व्यापारियों के हित में हैं।

    श्री सोनी ने कहा कि जो व्यापारी भीड़-भाड़ से दूर क्षेत्रों में व्यापार कर रहे हैं, उन्हें पहले से अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। लगातार बढ़ते सोने के दाम भी आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा दे सकते हैं, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम ला सकती है। उन्होंने सभी सराफा कारोबारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, अलार्म सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

    पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह से चर्चा के बाद सराफा एसोसिएशन द्वारा व्यापारियों के हित में जारी इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य स्पष्ट है—भविष्य में किसी भी प्रकार की लूट या अप्रिय घटना को रोकना और सराफा व्यापारियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना।

    Related Articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Stay Connected

    161FansLike
    0SubscribersSubscribe

    Latest Articles