More

    *भनेसर में जमीन माफिया का खेल? उपसरपंच पर बेजा कब्जा, धमकी और सरकारी जमीन पर अवैध ईंट भट्ठा संचालन का आरोप*

    बिलासपुर। जयरामनगर के ग्राम भनेसर में जमीन पर बेजा कब्जा, अवैध निर्माण और सरकारी भूमि पर ईंट भट्ठा संचालन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों और पीड़ितों ने गांव के उपसरपंच संतोष प्रजापति और उनके पिता बसंत प्रजापति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अतिरिक्त तहसीलदार द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने की बात सामने आई है, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।

    सीमांकन के बाद भी कब्जे का आरोप

    जयरामनगर निवासी दिलीप शर्मा का आरोप है कि ग्राम भनेसर स्थित उनकी 0.105 हेक्टेयर जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उनका कहना है कि जमीन का विधिवत सीमांकन हो चुका है और दस्तावेजों में मालिकाना हक उनके नाम दर्ज है। इसके बावजूद दबंगई के दम पर निर्माण कार्य जारी है।

    पीड़ित का आरोप है कि जब भी वे विरोध करते हैं तो उन्हें खुलेआम धमकाया जाता है। यहां तक कि महिलाओं को सामने कर लाठी-डंडों के साथ डराने और मारपीट की धमकी देने की बात भी सामने आई है। पीड़ित ने इसे सुनियोजित कब्जे की साजिश बताया है।

    नोटिस के बाद भी नहीं रुका निर्माण

    मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त तहसीलदार ने अवैध निर्माण तत्काल बंद करने का नोटिस जारी किया है और आदेश की अवहेलना पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। इसके बावजूद मौके पर निर्माण कार्य जारी रहने की शिकायत दोबारा की गई है। इससे प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी का मुद्दा भी गरमा गया है।

    सरकारी जमीन पर ईंट भट्ठा का आरोप

    इसी बीच जयरामनगर निवासी नरेंद्र चौहान ने भी उपसरपंच और उनके पिता पर सरकारी भूमि पर कब्जा कर अवैध रूप से ईंट भट्ठा संचालन का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और खनिज विभाग को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

    ग्रामीणों का दावा है कि वर्षों से अवैध ईंट भट्ठा चलाया जा रहा है और विभागीय मिलीभगत के चलते कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे आरोपी के हौसले बुलंद हैं।

    ग्रामीणों में दहशत, खुलकर सामने आने से डर

    गांव के कई लोगों का आरोप है कि उपसरपंच पद का रौब दिखाकर लोगों को डराया-धमकाया जाता है। यही वजह है कि कई ग्रामीण खुलकर शिकायत करने से कतराते हैं। आरोप है कि निजी और सरकारी दोनों जमीनों पर कब्जे की नीयत से दबाव बनाया जा रहा है।

    अब कलेक्टर और एसपी से गुहार

    पीड़ित दिलीप शर्मा का कहना है कि यदि अवैध निर्माण और कब्जा नहीं रुका तो वे कलेक्टर और एसपी से मिलकर विस्तृत शिकायत करेंगे। उनका कहना है कि न्याय नहीं मिलने तक वे पीछे नहीं हटेंगे।

    ग्राम भनेसर में उठे इस विवाद ने प्रशासन और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि क्या प्रशासन सख्त कार्रवाई कर अवैध कब्जे और ईंट भट्ठा संचालन पर रोक लगाता है या फिर मामला कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाएगा।

    Related Articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Stay Connected

    161FansLike
    0SubscribersSubscribe

    Latest Articles