
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार शाम सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित शहर के प्रमुख सांस्कृतिक स्थल लखीराम ऑडिटोरियम के पास वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया गया। व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक अपने दोस्तों के साथ ऑडिटोरियम के पास खड़ा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य युवकों के साथ मामूली कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने चाकू निकालकर युवक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में परिजनों से मुलाकात कर बयान दर्ज किए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना किया गया है।
शहर के सबसे व्यस्त और सार्वजनिक क्षेत्र में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नागरिकों ने असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि न्यायधानी में खुलेआम हुए इस जानलेवा हमले के आरोपियों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचाया जाता है।
