More

    *व्यापार, सेवा और रोजगार का संगम बना बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026, भव्य शुभारंभ के साथ शुरू*

    बिलासपुर।

    शहर की पहचान बन चुके और 25 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 का भव्य शुभारंभ साइंस कॉलेज मैदान में हुआ। 29 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित होने वाला यह मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। विशेष बात यह है कि मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, ताकि समाज के हर वर्ग की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

    उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, ऑटोमोबाइल एसोसिएशन अध्यक्ष प्रमोद खेड़िया, छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष कमल सोनी, अद्वैत फॉर्म्स के संस्थापक अनिल मूंदड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, मोहित जायसवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेला आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. किरणपाल सिंह चावला ने की, जबकि बीएनआई बिलासपुर व्यापार मेला संयोजक गणेश अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।

    व्यापार ही नहीं, सेवा और सामाजिक चेतना का भी मंच

    मेला आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. किरणपाल सिंह चावला ने बताया कि बीएनआई मेला केवल व्यापार और उद्योग का मंच नहीं, बल्कि सेवा, सम्मान, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व को समर्पित एक सशक्त माध्यम बन चुका है। मेले में देहदान, नेत्रदान और रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पंजीयन की व्यवस्था की गई है। साथ ही समाजसेवा की भावना को मजबूत करने के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है।

    प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भरमार

    मेले के दौरान मनोरंजन और प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें बिलासपुर गॉट टैलेंट, राइजिंग वॉइस ऑफ बिलासपुर, मिस्टर एवं मिस बिलासपुर, आइडियल कपल, रॉयल कपल, इंटर स्कूल डांस प्रतियोगिता, स्टार्टअप आइडिएशन अवॉर्ड, बॉडी बिल्डिंग, हेल्दी बेबी, मेहंदी, रंगोली, ड्राइंग-पेंटिंग और साइंस मॉडल प्रतियोगिता प्रमुख हैं।

    सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकनृत्य, भजन-कीर्तन, कवि सम्मेलन सहित अनेक आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

    रोजगार और प्रशिक्षण को मिला बढ़ावा

    रोजगार की दिशा में नाइस टेक द्वारा आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने भाग लिया, जहां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। वहीं रोटरी क्लब ग्रीन द्वारा अतिथियों का स्वागत पौधों के माध्यम से किया गया और रोटरी क्लब यूनाइटेड द्वारा प्रतिदिन निशुल्क सीपीआर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

    इन विशिष्ट उपलब्धियों के लिए हुआ सम्मान

    मेले के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों को सम्मानित किया गया, जिनमें

    देहदान एवं नेत्रदान करने वाले लोग एवं उनके परिजन

    विवाह के 50 वर्ष पूर्ण कर चुके 11 दंपत्ति

    बच्चों की वीरता के लिए विशेष सम्मान

    सावित्री बाई फुले नारी शक्ति पुरस्कार के अंतर्गत 11 महिलाएं

    विभिन्न जिलों के अग्रणी व्यापारी

    गिनीज बुक रिकॉर्ड बनाने वाले

    छत्तीसगढ़ सेवा रत्न सम्मान

    उद्योगपति ऑफ द ईयर अवॉर्ड

    स्टार्टअप अवॉर्ड

    लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड शामिल हैं।

    अतिथियों ने की मेले की सराहना

    उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीएनआई मेला केवल व्यावसायिक आयोजन नहीं, बल्कि एक सम्पूर्ण सामाजिक और आर्थिक मंच बनकर उभरा है। देहदान, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और रोजगार जैसे प्रयास इसे विशिष्ट बनाते हैं।

    बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने इसे समावेशी विकास का प्रतीक बताते हुए कहा कि छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक सभी को समान अवसर मिल रहा है।

    महापौर पूजा विधानी ने बीएनआई मेले को ‘मेड इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना का सशक्त उदाहरण बताते हुए आयोजन समिति को बधाई दी।

    कुल मिलाकर, बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 व्यापार, रोजगार, नवाचार, सेवा और मनोरंजन का ऐसा संगम बनकर उभरा है, जो बिलासपुर की सामाजिक और आर्थिक पहचान को नई दिशा दे रहा है।

    Related Articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Stay Connected

    161FansLike
    0SubscribersSubscribe

    Latest Articles