महिला कल्याण समाज, SECL का संवेदनशील सेवा कार्य — ज्ञानदीप दृष्टि बाधित कन्या विद्यालय में बांटी खुशियाँ और आत्मविश्वास

बिलासपुर। महिला कल्याण समाज, SECL द्वारा सामाजिक सरोकारों को मजबूत करते हुए ज्ञानदीप कन्या विद्यालय (दृष्टि बाधित) में एक प्रेरणादायक सेवा कार्य का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की दृष्टि बाधित बालिकाओं को राशन सामग्री, फल, बिस्किट, तिल के लड्डू सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया।
यह सेवा कार्य श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा आदरणीया श्रीमती शशि दुहन जी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण समाज की पदाधिकारियों ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया और उनकी प्रतिभाओं को नजदीक से जानने का अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम में दृष्टि बाधित बालिकाओं ने गीत-संगीत, स्वरचित कविताओं एवं वाद-विवाद जैसी मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। बच्चों की विलक्षण प्रतिभा और आत्मविश्वास ने यह सिद्ध किया कि वे ईश्वर की अनुपम कृति हैं, जिनमें अपार क्षमता विद्यमान है।
इस अवसर पर सभी सदस्यों ने बच्चों के साथ मिलकर गायत्री मंत्र का सामूहिक पाठ किया। साथ ही शेफाली घोष द्वारा बच्चों को Good Touch – Bad Touch के विषय में जागरूक किया गया, जिससे उनमें आत्म-सुरक्षा की समझ विकसित हो सके।
यह संपूर्ण सेवा कार्य महिला कल्याण समाज की सचिव श्रीमती माधुरी तिवारी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज की सक्रिय सदस्याएँ श्रीमती रेहाना खान, कविता घोष, कृति गंगाजली, पुष्पलता पटेल, सरोज वस्त्रकार, शेफाली घोष, सविता चौहान एवं सुनीता जायसवाल की सराहनीय सहभागिता रही।
महिला कल्याण समाज, SECL द्वारा किया गया यह प्रयास न केवल सेवा भावना का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और समावेशी सोच को भी सशक्त करने वाला सिद्ध हुआ।
