देशी कट्टा दिखाकर पेट्रोल पंपों में लूट करने वाले अंतरजिला गिरोह पर बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर | 18 जनवरी 2026

देशी कट्टा दिखाकर पेट्रोल पंपों में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरजिला गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के नेतृत्व में आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपियों द्वारा बिलासपुर जिले के रतनपुर, कोरबा जिले के चैतमा स्थित पेट्रोल पंप तथा पाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया गया है। आरोपी चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल का उपयोग कर वारदात करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1 लाख रुपये), 01 देशी कट्टा व कारतूस, 01 लोहे का धारदार चाकू, 2500 रुपये नकद एवं 03 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
मामले की जांच के दौरान घटना स्थल एवं आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी इनपुट और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर ए.सी.सी.यू. बिलासपुर (सायबर सेल) और थाना रतनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बेलतरा थाना रतनपुर के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रकरण का विवरण
11 जनवरी 2026 को बसंत कुमार कैवर्त, निवासी कर्रा, थाना रतनपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ग्राम जाली स्थित बी.बी. पेट्रोल पंप में सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। रात्रि लगभग 11 बजे पल्सर मोटरसाइकिल में सवार तीन युवक पेट्रोल पंप पहुंचे, 1000 रुपये का पेट्रोल भरवाया और भुगतान मांगने पर रिवाल्वर जैसे हथियार दिखाकर डरा-धमकाकर करीब 15 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
रिपोर्ट के आधार पर थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 309(4), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ में आरोपियों ने 16 जनवरी 2026 को चैतमा (कोरबा) के पेट्रोल पंप और 9 जनवरी 2026 को पाली (कोरबा) में एक प्रॉपर्टी डीलर से लूट की वारदात को अंजाम देना भी स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी :
वेद प्रकाश वैष्णव उर्फ निलेश, उम्र 23 वर्ष
अभिषेक प्रजापति, उम्र 22 वर्ष
कपिल पटेल, उम्र 21 वर्ष
(तीनों थाना पाली, जिला कोरबा निवासी)
मामले में विधिसम्मत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। इस सफल कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा सराहना करते हुए नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है
