जीतू के बल्ले से बरसा रन-तूफान, कुंबली इलेवन ने श्याम इलेवन को 63 रनों से दी करारी शिकस्त

बिलासपुर।
बिलासपुर के जिला खेल परिसर मैदान में स्वर्गीय ऊषा देवी भंडारी की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता रोमांचक मुकाबलों के साथ आगे बढ़ रही है। प्रतियोगिता के दूसरे मैच में कुंबली इलेवन पाटन और श्याम इलेवन आमने-सामने रहीं, जहां कुंबली इलेवन ने एकतरफा अंदाज में मुकाबला अपने नाम किया।
मैच के मुख्य अतिथि सिम्स के डीन डॉ. रामणेश मूर्ति अपनी धर्मपत्नी श्रीमती मूर्ति के साथ मौजूद रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त महाधिवक्ता आशीष शुक्ला, डॉ. प्रदीप शुक्ला, डॉ. मनोज राय और डॉ. विनोद तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस के साथ मैच की औपचारिक शुरुआत कराई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कुंबली इलेवन पाटन की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट खोकर 124 रन बनाए। टीम के सलामी बल्लेबाज जीतू ने 33 गेंदों में 53 रनों की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेलकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। श्याम इलेवन की ओर से राहुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए।
125 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्याम इलेवन की टीम कुंबली इलेवन के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और 10 ओवरों में 8 विकेट गंवाकर महज 61 रन ही बना सकी। टीम की ओर से लव ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। कुंबली इलेवन के गेंदबाज शीतल और राजा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट अपने नाम किए।
इस तरह कुंबली इलेवन पाटन ने यह मुकाबला 63 रनों से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए जीतू को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
