आईएमए के 100 वर्ष: Natcon-25 में छत्तीसगढ़ की दमदार मौजूदगी, डॉ विनोद तिवारी ने किया प्रदेश का प्रतिनिधित्व

अहमदाबाद।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित Natcon-25 का भव्य आयोजन गुजरात के अहमदाबाद शहर में किया गया। इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय अधिवेशन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व आईएमए हेडक्वार्टर के असिस्टेंट जॉइंट सेक्रेटरी डॉ विनोद तिवारी ने किया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर अहमदाबाद के वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ अनिल नायक ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया।
सम्मेलन के अगले दिन आयोजित विशेष कार्यक्रम में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के अध्यक्ष श्री जय शाह मुख्य अतिथि रहे, वहीं गुजरात विधानसभा अध्यक्ष श्री चौधरी जी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन थे।
छत्तीसगढ़ को मिले 5 राष्ट्रीय पुरस्कार
Natcon-25 में छत्तीसगढ़ के लिए यह सम्मेलन गौरव का क्षण साबित हुआ। इस बार प्रदेश को कुल 5 राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए।
इनमें शामिल हैं—
बेस्ट इमर्जिंग स्टेट अवॉर्ड
बेस्ट न्यूज़ बुलेटिन अवॉर्ड
व्यक्तिगत श्रेणी के राष्ट्रीय पुरस्कार, जिनसे
डॉ प्रभात पांडे,
डॉ अरुण गोवर्धन,
डॉ राजू भैसारे
को सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ से डॉ विनोद तिवारी, डॉ अनूप वर्मा, डॉ प्रभात श्रीवास्तव, डॉ राजू भैसारे, डॉ अरुण गोवर्धन, शाहदिल खुसरो, देवेंद्र कश्यप, मुकेश साहू, शिवेंद्र शुक्ला एवं तुषार ओगले की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
Natcon-25 में छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि न केवल प्रदेश के चिकित्सकों की संगठनात्मक क्षमता और सेवा भावना को दर्शाती है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की मजबूत पहचान भी स्थापित करती है।
