आतिशबाजी, रोमांचक मुकाबले और रिकॉर्ड इनामी राशि के साथ विनीत कप का भव्य शुभारंभ
स्व. ऊषा देवी भंडारी की स्मृति में 13वें वर्ष भी खेल और गौरव का उत्सव

बिलासपुर।
स्वर्गीय ऊषा देवी भंडारी जी की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय रात्रिकालीन लाइट टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता ‘विनीत कप’ का भव्य एवं आतिशी शुभारंभ रविवार को जिला खेल परिसर में हुआ। अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियों, शानदार आतिशबाजी और हजारों दर्शकों की मौजूदगी ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की। विशिष्ट अतिथियों में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद एवं एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रवीण दुबे, भाजपा पार्षद एवं एमआईसी सदस्य रूपाली गुप्ता एवं रेखा ओमप्रकाश पाण्डेय उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने स्व. ऊषा देवी भंडारी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके पश्चात प्रतियोगिता की आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण किया गया। उद्घाटन के दौरान हुई मनमोहक आतिशबाजी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वे पिछले 13 वर्षों से इस आयोजन से जुड़े हुए हैं और हर वर्ष प्रतियोगिता नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने आयोजन के प्रमुख निक्कू भंडारी एवं पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों के कारण आज विनीत कप ने राष्ट्रीय पहचान बनाई है और देशभर से टीमें बिलासपुर आकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि इतने भव्य और प्रतिष्ठित आयोजन का उनके विधानसभा क्षेत्र में होना गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विनीत कप की 11,11,111 रुपये की विजेता राशि पूरे देश में लाइट टेनिस बाल क्रिकेट की सबसे बड़ी इनामी राशि है। उन्होंने आयोजन समिति एवं प्रमुख ईशान भंडारी को साधुवाद देते हुए कहा कि माता की स्मृति में किया जा रहा यह आयोजन खेल और खेलप्रेमियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
महापौर पूजा विधानी ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि जिस स्तर की व्यवस्थाएं, सुविधाएं और अनुशासन यहां देखने को मिल रहा है, वह बिलासपुर के लिए गर्व की बात है।
रोमांचक मुकाबले के साथ टूर्नामेंट का आगाज
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला टीम शौर्य फाइटर्स एवं टीम वायसीसी बिलासपुर के बीच खेला गया। अतिथियों द्वारा टॉस कराकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया। टॉस जीतकर वायसीसी बिलासपुर ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए शौर्य फाइटर्स की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 8 विकेट खोकर 97 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अविनाश ने मात्र 17 गेंदों में 42 रनों की धमाकेदार पारी खेली। वायसीसी की ओर से गेंदबाज आकाश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके।
98 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वायसीसी बिलासपुर की टीम 10 ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 58 रन ही बना सकी। इस प्रकार शौर्य फाइटर्स ने मुकाबला 39 रनों से जीत लिया। शौर्य फाइटर्स के गेंदबाज अंकुर, मनु, रोहित और सोनू ने 2-2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए अंकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आयोजन समिति का संकल्प
आयोजन समिति के प्रमुख ईशान भंडारी ने बताया कि वे पिछले 13 वर्षों से अपनी स्व. माता जी की स्मृति में यह प्रतियोगिता आयोजित कर रहे हैं। शहरवासियों और खेलप्रेमियों का अपार स्नेह उन्हें हर वर्ष आयोजन को और बेहतर बनाने की प्रेरणा देता है। उनका लक्ष्य दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों का अनुभव देना और खेल में निष्पक्षता बनाए रखना है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विजेता टीम को 11,11,111 रुपये नकद एवं आकर्षक ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम सहित मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर समेत कई आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। दर्शकों के मनोरंजन के लिए लाइव स्क्रीन, यूट्यूब पर लाइव प्रसारण, रिप्ले सिस्टम, थर्ड अंपायर और आकर्षक आतिशबाजी जैसी अत्याधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
कुल मिलाकर, विनीत कप 2025 न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों के लिए खेल का महाकुंभ है, बल्कि बिलासपुर की पहचान को देशभर में स्थापित करने वाला भव्य आयोजन भी साबित
