रायपुर।
छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन एम्प्लॉईज एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक रायपुर में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई। बैठक में संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत निर्विरोध रूप से अमित पाण्डेय को संगठन का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। अमित पाण्डेय वर्तमान में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के पद पर अकलतरा शाखा में पदस्थ हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनके अध्यक्ष चुने जाने पर सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन कर्मचारियों के हितों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगा।
इसी क्रम में रायपुर से अभिषेक गंजीर को संगठन का प्रदेश महासचिव चुना गया, जबकि बिलासपुर के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी अरुण सिंघल को संगठन का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन पर बैठक में मौजूद सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बैठक को संबोधित करते हुए निवर्तमान अध्यक्ष सुधाकर सिंह एवं प्रमुख सलाहकार विनोद शर्मा ने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी कर्मचारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण तथा संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करेगी।
बैठक के अंत में प्रधान संरक्षक जी एन तिवारी, संरक्षक पी पी सिंह तथा पूर्व महासचिव बी एल अग्रवाल ने संगठन के सभी सदस्यों से एकजुट होकर कर्मचारी हित, संगठनात्मक मजबूती एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही कर्मचारियों की आवाज को प्रभावी रूप से शासन और प्रबंधन तक पहुंचा सकता है।
