बिजली लूट के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, 18 जुलाई को तिफरा में होगा सीएसईबी का घेराव

बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) 18 जुलाई को दोपहर 12 बजे तिफरा स्थित सीएसईबी कार्यालय का घेराव करेगी। यह विरोध प्रदर्शन राज्य सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई चौथी बार की वृद्धि के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है। इस प्रदर्शन में जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बुधवार को एक प्रेसवार्ता में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय और ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की विष्णुदेव सरकार ने मात्र डेढ़ साल में चार बार बिजली दरें बढ़ाकर छत्तीसगढ़ की जनता पर महंगाई का डंडा चलाया है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ को लूटने की सुनियोजित साजिश चल रही है। जंगलों की अंधाधुंध कटाई हो रही है, क्योंकि कोल ब्लॉक अडानी को सौंपा गया है। कोयला तो निकलेगा लेकिन पर्यावरण और सड़कें छत्तीसगढ़ की बर्बाद होंगी और इसकी कीमत आम जनता को चुकानी पड़ेगी। बाद में बनने वाली बिजली महंगे दामों पर बेची जाएगी, जो गरीबों के लिए दोहरी मार होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एक आदिवासी होकर भी छत्तीसगढ़ की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा में पूरी तरह विफल हैं, क्योंकि सभी निर्णय केंद्र सरकार से थोपे जा रहे हैं और वे केवल एक पत्रवाचक बनकर रह गए हैं।
पांडेय और केशरवानी ने साफ कहा कि कांग्रेस इस अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और 18 जुलाई को सीएसईबी कार्यालय का घेराव कर जनविरोध दर्ज कराएगी।
इस विरोध प्रदर्शन में सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि, विधायक, सांसद और विधायक प्रत्याशी, पूर्व सांसद, पूर्व महापौर, पार्षद, नगर पंचायत, जिला और जनपद पंचायत सदस्य, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, आईटी सेल, सोशल मीडिया टीम, सेवा दल, विभिन्न प्रकोष्ठों व मोर्चों के कार्यकर्ता और जिलेभर के कांग्रेसजन शामिल होंगे।
