“सिंदूर शौर्य यात्रा में गूंजा देशभक्ति का स्वर: बिलासपुर ने दी वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि”

बिलासपुर शहर ने शनिवार को एक ऐतिहासिक और भावनात्मक आयोजन में देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के सम्मान में आयोजित सिंदूर शौर्य यात्रा ने न सिर्फ सैनिकों के अद्वितीय पराक्रम का गौरवगान किया, बल्कि पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य यात्रा में शहर के कई सामाजिक संगठन, पूर्व सैनिक, महिला संगठन और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ दोपहर बाद लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान से हुआ, जहां से जनसैलाब भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ आगे बढ़ा।
इस शोभायात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर मेयर पूजा विधानी, और भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह सहित कई गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। देशप्रेम से ओतप्रोत महिलाओं, पुरुषों, पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों ने बैनर और पोस्टरों के साथ यात्रा को अद्वितीय स्वरूप प्रदान किया।
यात्रा सीएमडी चौक स्थित अमर जवान स्मारक पहुंचकर समाप्त हुई, जहां शहीदों की स्मृति में 1100 दीप प्रज्वलित किए गए। यह दृश्य अत्यंत मार्मिक और श्रद्धास्पद रहा। इस अवसर पर पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह राणा और ग्रुप कैप्टन संजय पांडे को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले सैनिकों के परिजनों – सुनीता साहू, सोनिया साहू, अनीता कौशिक और अनु साहू – की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भावुक बना दिया। यात्रा की शुरुआत में सैनिकों के मस्तक पर तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया गया।
शहर भर में कई स्थानों पर स्वागत स्टाल लगाए गए, जहां यात्रा में शामिल लोगों को लस्सी, छाछ और ठंडा जल वितरित किया गया। सीएमडी कॉलेज मैदान में रंगोली सजाकर देशभक्ति के रंगों को और गहराया गया।
पूरे आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि देश के वीर जवानों और उनके परिवारों के सम्मान में बिलासपुरवासी एकजुट हैं। सिंदूर शौर्य यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और बलिदान की जीवंत गाथा बनकर सामने आई….
