More

    *सूने मकानों को बनाते थे निशाना, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; कार और बाइक समेत लाखों का माल बरामद*

    बिलासपुर। जिले के ग्रामीण इलाकों में दिनदहाड़े सूने मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोटा पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 1 लाख 30 हजार रुपये नकद, एक क्रेटा कार और दो मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान जब्त किया है। इस कार्रवाई में बिलासपुर जिले के 9 और कोरबा जिले के 1, कुल 10 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

    सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

    पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर जिले के कोटा, रतनपुर, बिल्हा, पचपेड़ी और बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। आरोपी दिन के समय उन मकानों को निशाना बनाते थे, जिनमें ताला लगा होता था और घर के सदस्य खेती-किसानी या अन्य काम से बाहर गए होते थे। आरोपी मकानों के ताले तोड़कर आलमारी और पेटियों में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो जाते थे।

    लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर कोटा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस कोरबा जिले के तीन संदिग्ध आरोपियों तक पहुंची।

    कोरबा जिले के तीन आरोपी गिरफ्तार

    पुलिस ने इस मामले में विनोद कुमार वासुदेव (33 वर्ष), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43 वर्ष) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

    पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दिन के समय सूने मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर ऐसे मकानों की पहचान करते थे, जहां ताला लगा होता था और घर में कोई मौजूद नहीं रहता था। इसके बाद वे ताला तोड़कर चोरी करते थे।

    चोरी के पैसों से खरीदी क्रेटा कार और बुलेट

    पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की रकम का इस्तेमाल वाहन खरीदने और उनकी किस्तें चुकाने में किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनोद कुमार वासुदेव ने चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदी थी, जबकि राज प्रजापति उर्फ लल्लू ने चोरी के पैसों से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी।

    पुलिस ने अपराध से अर्जित रकम से खरीदी गई संपत्ति के रूप में क्रेटा कार और बुलेट मोटरसाइकिल को जब्त किया है। इसके अलावा एक होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

    लाखों के जेवरात और नकदी बरामद

    पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें चांदी की पायल, अंगूठियां, बिछिया, करधन, बच्चों के आभूषण और अन्य सामान शामिल हैं। इसके अलावा सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, टॉप्स और अन्य जेवरात भी जब्त किए गए हैं।

    आरोपियों से 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के भी बरामद किए गए हैं।

    जांजगीर जिले में पहले भी दर्ज रहे हैं चोरी के मामले

    पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी जांजगीर जिले में दिन के समय चोरी करने के मामलों में जेल जा चुके हैं। वर्ष 2022-23 के दौरान उनके खिलाफ चोरी के मामले दर्ज हुए थे, जो वर्तमान में विचाराधीन बताए गए हैं। पुलिस विज्ञप्ति के मुताबिक, आरोपियों के विरुद्ध जांजगीर जिले में पूर्व के 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

    वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

    यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू नोडल अधिकारी एवं सीएसपी सुदीप सरकार तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में की गई।

    कार्रवाई में थाना कोटा के निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी दिलीप साहू, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित 10 प्रकरणों में कार्रवाई की है। फिलहाल आरोपियों की संपत्ति और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।

    Related Articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Stay Connected

    161FansLike
    0SubscribersSubscribe

    Latest Articles