More

    *अपोलो हॉस्पिटल्स के मेगा वॉकाथॉन को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया फ्लैग-ऑफ, 1,000 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा*

    बिलासपुर। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर द्वारा हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मेगा वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने वॉकाथॉन को फ्लैग-ऑफ किया। इस दौरान 1,000 से अधिक लोगों ने करीब 4 किलोमीटर की दूरी तय कर स्वस्थ हृदय और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

    वॉकाथॉन अपोलो सिटी सेंटर, सीएमडी चौक से शुरू होकर अरपा रिवर व्यू में समाप्त हुई। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वास्थ्य संस्थानों और प्रमुख एसोसिएशनों सहित 20 से अधिक संगठनों ने इसमें सहभागिता की।

    कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और तनाव प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा। विशेषज्ञों ने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद, संतुलित भोजन और तंबाकू व धूम्रपान से दूरी बेहद जरूरी है।

    बिलासपुर में आधुनिक हृदय उपचार सुविधाओं के विस्तार पर जोर

    कार्यक्रम के दौरान श्री अभय कुमार गुप्ता ने अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर की स्वास्थ्य सेवाओं और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक जांच, चिकित्सा, सर्जरी और गंभीर रोगों की देखभाल की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।

    अपोलो प्रबंधन ने यह भी बताया कि भविष्य में हृदय रोग से संबंधित उपचार सेवाओं को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

    उन्नत कैथ लैब में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल

    हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र प्रसाद सामल ने बताया कि अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के कार्डियोलॉजी विभाग में आधुनिक उपचार तकनीकों को लगातार शामिल किया जा रहा है। उन्नत कैथ लैब में IVUS (इंट्रावैस्कुलर अल्ट्रासाउंड) और रोटेशनल एथेरेक्टॉमी (ROTA) जैसी तकनीकों के माध्यम से जटिल हृदय रोगों के इंटरवेंशनल उपचार की क्षमता को मजबूत किया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि जटिल मामलों में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट और कार्डियक सर्जन के बीच बेहतर समन्वय मरीज के लिए उचित उपचार रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

    हृदय एवं वक्ष शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. पंकज सक्सेना ने भी जटिल हृदय रोगों के उपचार में विशेषज्ञों के बीच समन्वित और समग्र उपचार दृष्टिकोण की आवश्यकता पर जोर दिया।

    कार्यक्रम में डॉ. अभिषेक कौशले और डॉ. रूपेश श्रीवास्तव सहित हृदय रोग विभाग की टीम भी मौजूद रही।

    स्वस्थ हृदय के लिए रोजमर्रा की आदतों में बदलाव का संदेश

    कार्यक्रम में लोगों से अपील की गई कि हृदय स्वास्थ्य को केवल विश्व हृदय दिवस तक सीमित न रखें। नियमित पैदल चलना, व्यायाम, संतुलित भोजन, रक्तचाप, मधुमेह और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखना, पर्याप्त नींद लेना और तनाव प्रबंधन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए।

    वॉकाथॉन के माध्यम से अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर ने संदेश दिया—

    “दिल के लिए चलें, सेहत के लिए जुड़ें।

    एक स्वस्थ कदम आज, एक स्वस्थ दिल कल।”

    कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा ग्रेवाल, सीआईएमएस डीन डॉ. रमनेश मूर्ति, डॉ. देवेश कुमार, पीसीएमडी एसईसीआर सहित चिकित्सा, प्रशासन और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

     

    Related Articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Stay Connected

    161FansLike
    0SubscribersSubscribe

    Latest Articles