
बिलासपुर/सीपत। शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एनटीपीसी सीपत ने महत्वपूर्ण पहल की है। एनटीपीसी सीपत में 26 अगस्त 2026 को ‘संकल्प’ निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के तहत कक्षा 11वीं एवं 12वीं के चयनित 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को NEET और JEE जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संजय अग्रवाल, आईएएस, कलेक्टर बिलासपुर तथा विशिष्ट अतिथि रजनेश सिंह, आईपीएस, एसएसपी एवं डीआईजी बिलासपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वपन कुमार मंडल, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी सीपत की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रवेश परीक्षा के माध्यम से हुआ 100 विद्यार्थियों का चयन
‘संकल्प’ कार्यक्रम के लिए आसपास के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया। कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए 50-50 विद्यार्थियों के दो अलग-अलग बैच तैयार किए गए हैं।
इसमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत, शासकीय हाईस्कूल दर्राभाटा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी, स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम विद्यालय पंधी तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सीपत के विद्यार्थी शामिल हैं।
कोचिंग कक्षाएं सप्ताह में चार दिन संचालित होंगी और प्रत्येक दिन तीन घंटे विद्यार्थियों को अध्ययन कराया जाएगा। NEET और JEE की तैयारी के लिए भौतिकी, गणित, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ फैकल्टी द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय अग्रवाल ने एनटीपीसी सीपत की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘संकल्प’ जैसे कार्यक्रम केवल शिक्षा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने और सामुदायिक विकास को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।
उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा और संघर्षों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को लगातार मेहनत करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति संकल्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का निर्माण होना चाहिए, ताकि वे भविष्य में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
उन्होंने कहा कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलना जरूरी है। ‘संकल्प’ जैसी पहल ऐसे विद्यार्थियों के लिए एक मजबूत शैक्षणिक मंच उपलब्ध करा सकती है।
एसएसपी-डीआईजी रजनेश सिंह ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
विशिष्ट अतिथि रजनेश सिंह ने ‘संकल्प’ को सराहनीय सामाजिक पहल बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपने घर और क्षेत्र के नजदीक देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर मिलना बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने विद्यार्थियों से इस सुविधा का पूरा लाभ उठाने और पूरी मेहनत एवं लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल उनके माता-पिता के लिए ही नहीं, बल्कि समाज और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय होगी।
रजनेश सिंह ने एनटीपीसी के गीत में निहित ‘ज्योति किरण’ के भाव का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को स्वयं आगे बढ़ने और अपनी सफलता के माध्यम से समाज में भी ज्ञान एवं प्रगति का प्रकाश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
एनटीपीसी सीपत का शिक्षा के क्षेत्र में सार्थक प्रयास
परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि एनटीपीसी सीपत विद्युत उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में भी लगातार कार्य कर रहा है। ‘संकल्प’ कार्यक्रम क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कलेक्टर बिलासपुर और एसएसपी एवं डीआईजी बिलासपुर के मार्गदर्शन एवं सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों को भविष्य में बेहतर इंजीनियर और डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कलेक्टर के सुझाव से आकार लिया ‘संकल्प’
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए मानव संसाधन प्रमुख बी.बी. पात्रा ने बताया कि कलेक्टर बिलासपुर द्वारा दिए गए सुझाव के बाद इस पहल को आकार दिया गया। इसके तहत आसपास के शासकीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 11वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई।
प्रवेश परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 50-50 विद्यार्थियों का चयन किया गया। इस प्रकार कुल 100 विद्यार्थियों को ‘संकल्प’ कोचिंग कार्यक्रम में प्रवेश दिया गया।
व्यवस्थित पढ़ाई और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलेगा
उद्घाटन समारोह के दौरान चयनित विद्यार्थियों के लिए नियुक्त फैकल्टी भी मौजूद रही। फैकल्टी ने विद्यार्थियों को कोचिंग की कार्ययोजना, कक्षा संचालन की प्रक्रिया तथा आवश्यक नियमों की जानकारी दी।
‘संकल्प’ के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, विषयवार मार्गदर्शन, परीक्षा की रणनीति और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयारी का व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। खास बात यह है कि इस पूरी पहल से शासकीय विद्यालयों के ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जिन्हें महंगी निजी कोचिंग का अवसर आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता।
एनटीपीसी सीपत की यह पहल क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, शिक्षा के अवसरों में समानता लाने और विद्यार्थियों को NEET-JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में एक सार्थक कदम के रूप में देखी जा रही है।
