
बिलासपुर।
बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने विधायक अमर अग्रवाल के कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा के आठ सत्रों के बावजूद उन्होंने बिलासपुर की जनता से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण मुद्दे को सदन में नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि शहर की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन जनता के प्रतिनिधि की चुप्पी चिंता का विषय है।
पत्रवार्ता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी तथा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अब बिलासपुर के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा, जिसकी रणनीति तैयार कर ली गई है।
पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने कहा कि विधानसभा का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व जनता की समस्याओं को सरकार के सामने रखना होता है, लेकिन बिलासपुर के विधायक इस जिम्मेदारी का निर्वहन करने में पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ऐसा क्या कारण है कि विधायक सरकार से एक भी सवाल पूछने से बच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री पद की उम्मीद में जनता के मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
शैलेश पांडे ने कहा कि आज बिलासपुर जलभराव, बदहाल सड़कें, पेयजल संकट, बढ़ते अपराध, ट्रैफिक अव्यवस्था, युवाओं में बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोरी, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थिति और हवाई सेवाओं जैसी अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। इसके बावजूद इन विषयों पर विधानसभा में प्रभावी आवाज नहीं उठाई गई।
उन्होंने यह भी कहा कि पड़ोसी विधानसभा क्षेत्रों के विधायक लगातार अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और जनसमस्याओं को सदन में उठा रहे हैं, जबकि बिलासपुर की आवाज विधानसभा में सुनाई नहीं दे रही है।
पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान भी उन्होंने किसी दबाव में आए बिना बिलासपुर के हित में 392 प्रश्न विधानसभा में उठाए थे। उनका कहना था कि जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व जनता के प्रति होता है, न कि किसी राजनीतिक पद की आकांक्षा के प्रति।
उन्होंने 17 जुलाई को हुई भारी बारिश और जलभराव की स्थिति का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रभावित क्षेत्रों में विधायक और भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता के बीच नहीं पहुंचे। कांग्रेस ने इसे जनता की उपेक्षा बताते हुए कहा कि अब पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक बिलासपुर के अधिकारों और विकास के लिए संघर्ष करेगा..
