
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की जिला इकाई बिलासपुर का वर्ष 2026-27 का निर्वाचन सर्वसम्मति से संपन्न हो गया। सर्किट हाउस बिलासपुर में आयोजित बैठक, निर्वाचन एवं स्वागत समारोह में जिले के बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के हित, सुरक्षा, सम्मान, अधिकार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरता से चर्चा की गई। साथ ही संगठन को जिले के प्रत्येक पत्रकार तक पहुंचाने और उसे और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया प्रदेश महासचिव शशांक दुबे, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महेश कुमार तिवारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष राधेश्याम कोरी, प्रदेश संगठन सचिव डॉ. संजय चक्रधारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष साहू, सोमनाथ चंद्रा तथा जिला प्रभारी ओमप्रकाश साहू की उपस्थिति में संपन्न हुई। सभी पदों पर सर्वसम्मति बनने के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
नई कार्यकारिणी में प्रभात सोनछत्र को जिलाध्यक्ष तथा सागर सोनी को महासचिव चुना गया। इसके अलावा लता गुप्ता को उपाध्यक्ष, पुष्पा साहू को संगठन सचिव और नीरज साहू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित पत्रकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रभात सोनछत्र ने संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिले के प्रत्येक पत्रकार को संगठन से जोड़ने, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज बुलंद करने तथा पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
वहीं, महासचिव सागर सोनी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पत्रकारों की ताकत है। उन्होंने सभी साथियों को साथ लेकर संगठन का विस्तार करने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा पत्रकारों के बीच समन्वय और एकजुटता को और मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित टीम से अपेक्षा जताई कि वह संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए मजबूत एवं सक्रिय संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार शिव कुमार तिवारी नीरज शुक्ला, जिया उल्ला खान, संतोष मिश्रा, अनुराधा राव, प्रभात राय, प्रयांशु छत्री, ओमप्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का स्वागत-अभिनंदन किया गया तथा संगठन के आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
