
बिलासपुर। मिशन न्यू इंडिया युवा मोर्चा के 22वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने संगठन द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मिशन न्यू इंडिया युवाओं को सामाजिक जागरूकता, राष्ट्र निर्माण और जनसेवा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहा है। विधायक श्री शुक्ला ने संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसके कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
समारोह की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन करते हुए मिशन न्यू इंडिया युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमाशंकर साहू ने संगठन की 22 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मिशन न्यू इंडिया लगातार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है और भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता तथा युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में अपनी भूमिका को और मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनपद सदस्य विक्रम सिंह ठाकुर, श्रीमती जया जलेश्वर, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर जगत, मंडल महामंत्री अश्वनी साहू, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गायत्री साहू, फिल्म निर्माता डॉ. जेठू साहू एवं श्रीमती गंगा साहू सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, पत्रकारों, चिकित्सकों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार संतोष मिश्रा ने किया। अतिथियों ने मिशन न्यू इंडिया की सामाजिक गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उमाशंकर साहू के नेतृत्व और विधायक सुशांत शुक्ला जैसे जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संगठन समाज सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
