
बिलासपुर, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा वसंत क्लब, वसंत विहार कॉलोनी में “एसईसीएल योग महोत्सव 2026” के तहत सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रही, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) दारला सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
ब्रह्मकुमारी गायत्री देवी के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस दौरान कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया। आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर हरीश दुहन ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाते हुए बेहतर जीवन गुणवत्ता प्रदान करता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास अपनाने, स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए नशा मुक्ति की शपथ भी ली।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय सहित कंपनी की सभी क्षेत्रों एवं इकाइयों में भी योग संबंधी विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं उनके परिवारों ने भागीदारी निभाई।
