
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रविवार देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां घर में रखे फ्रिज में अचानक हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद महिला को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह जिंदा जल गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक यहां रहने वाली 57 वर्षीय जया अग्रवाल अपने घर में अकेली थीं। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही उनके भाई का निधन हो गया था। जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं, जबकि उनका अन्य परिवार बेंगलुरु में रहता है।
रविवार देर रात अचानक घर के अंदर रखे फ्रिज में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद देखते ही देखते पूरे घर में आग फैल गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से आग की तेज लपटें उठ रही हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। स्थानीय पार्षद दिलीप पाटिल भी मौके पर पहुंचे और लोगों के साथ मिलकर बाल्टियों में पानी भर-भरकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। साथ ही घटना की सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद जब घर के अंदर तलाशी ली गई, तो महिला जया अग्रवाल बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिलीं, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद गैस सिलेंडर फट गया है। लेकिन बाद में जांच के दौरान पता चला कि फ्रिज में हुए ब्लास्ट के कारण ही आग लगी थी, जिससे यह भयावह हादसा हुआ।
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह भी पता लगाया जा रहा है कि फ्रिज में ब्लास्ट किस कारण से हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं।
— संतोष मिश्रा
संपादक, cgatoznews बिलासपुर..
